रामपुर शरीफ हत्याकांड: घटनास्थल के आसपास सक्रिय थे 1200 फोन नंबर, निकलवाई जा रही CDR
पुलिस शरीफ हत्याकांड के आरोपितों की तलाश में तकनीक का सहारा ले रही है।

CRPF पर आतंकी हमले के आरोपी मोहम्मद शरीफ की हत्या।
HighLights
पुलिस शरीफ हत्याकांड में तकनीक का सहारा ले रही है।
घटनास्थल के पास 1200 मोबाइल नंबर सक्रिय पाए गए।
150 संदिग्ध नंबरों की सीडीआर निकाली जा रही है।
जागरण संवाददाता, रामपुर। शरीफ की हत्या करने वालों के संबंध में पुलिस तकनीक के सहारे हत्यारोपितों की तलाश की जा रही है। घटनास्थल के आसपास सक्रिय मोबाइल फोन नंबरों की जांच की जा रही है। टेलीकाम कंपनियों से संपर्क करने पर पुलिस को पता चला है कि वहां घटना के समय करीब 1,200 मोबाइल फोन नंबर सक्रिय थे।
पुलिस ने ई-मेल के जरिये कंपनियों से उन नंबरों का डाटा मांगा है। डाटा में उस समय के दौरान उन टावरों के नेटवर्क से जुड़े सभी मोबाइल नंबरों, काल और इंटरनेट गतिविधियों का रिकार्ड खंगाला जा रहा है।
विशेष साफ्टवेयर की मदद से स्थानीय निवासियों और दुकानदारों के रोजमर्रा के नंबरों को हटाने के बाद करीब 150 नंबर पुलिस के रडार पर हैं। इन नंबरों के जरिए पुलिस अपराधी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। पुलिस को अंदेशा है कि इनमें शूटरों का नंबर भी शामिल हो सकता है।
इस तकनीकी जांच से पुलिस पता लगाएगी कि शूटरों ने एक से अधिक जगहों पर रेकी की है या भागने के लिए किसी खास रास्ते का इस्तेमाल किया है तो सभी जगहों के मोबाइल टावर डंप के मिलान से उस नंबर का पता लग जाएगा। ऐसे नंबर ही पुलिस के लिए संदिग्ध होंगे।
इसके अलावा ऐसे मोबाइल नंबरों की भी जानकारी की जा रही है, जो घटना के ठीक पहले या तुरंत बाद स्विच आफ हो गए होंगे या जिनका इस्तेमाल केवल उसी दिन किया गया हो।
संदिग्ध नंबरों की पहचान होने के बाद पुलिस उनका सीडीआर (काल डिटेल रिकॉर्ड) निकाला जाएगा, जिससे यह पता चल जाएगा कि संदिग्ध ने किस-किस से बात की और उसकी लोकेशन कहां-कहां बदली।
संदिग्ध मोबाइल नंबर किस व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत है, इसके लिए टेलीकाम कंपनी से कस्टमर एप्लीकेशन फॉर्म और आधार/पहचान पत्र का विवरण लेकर शूटरों तक पुलिस पहुंचने का प्रयास कर रही है।
यह भी पढ़ें- मोहम्मद शरीफ की हत्या मैंने की...अब दूसरों की बारी, रामपुर हत्या कांड पर एक्स पोस्ट से पुलिस महकमे में हड़कंप