विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुन्ने मियां! पुकार सुनकर ठिठक गए विलेन रजा मुराद, 65 साल बाद अपनी गली पहुंचे तो छलक आए आंसू

Published: Thu, 30 Apr 2026 09:41 PM (IST)

अभिनेता रजा मुराद 65 साल बाद अपने बचपन के मुहल्ले जीना इनायत खां, रामपुर पहुंचे, जहां उन्होंने पुरानी यादें ताजा ...और पढ़ें

रामपुर के मुहल्ला जीना इनायत खां में अपने साथियों के साथ खड़े फिल्म अभिनेता रजा मुराद। जागरण

रामपुर के मुहल्ला जीना इनायत खां में अपने साथियों के साथ खड़े फिल्म अभिनेता रजा मुराद। जागरण

HighLights

  1. 65 वर्ष बाद फिल्म अभिनेता पहुंचे अपने मुहल्ले जीना इनायत खां

जागरण संवाददाता, रामपुर। सुपर डुपर फिल्म प्रेम रोग के क्रूर और निर्दयी राजा ठाकुर यानिकि अभिनेता रजा मुराद मुन्ने मियां की आवाज पर ठिठक जाते हैं। पीछे मुड़कर देखते हैं तो बुजुर्ग रेहाना खड़ी थी। बचपन वाली वही रेहाना जो उन्हें मुन्ने मियां के नाम से ही पुकारा करती थी। अचानक पुरानी तस्वीरें ताजा हो उठती हैं। आंखें नम हो जाती हैं और गला रुंध जाता है।

मुहल्ले के लोगों से रजा मुराद आत्मीयता से मिलते हैं और बताते हैं कि लगभग 65 वर्ष बाद वह अपने मुहल्ले जीना इनायत खां आए हैं। बुधवार शाम रजा मुराद रामपुर पहुंचे थे। शुक्रवार को उन्हें बरेली में एक कार्यक्रम में हिस्सा लेना है। इसके चलते वह गुरुवार को रामपुर में ही ठहरे।

सुबह उठकर वह अपने मुहल्ले पहुंचे। यहां के लोगों से मिलकर बचपन की यादें ताजा की। उन्होंने बताया कि दस वर्ष की उम्र में वह रामपुर से मुंबई चले गए थे। आगे की पढ़ाई लिखाई भी वहीं की। इसके बाद कई बार रामपुर आना हुआ मगर अपने मुहल्ले में वर्ष 1961 के बाद अब आए हैं।

उस दौर में उनकी पड़ोसन रही रेहाना भी उनके मुहल्ले में आने की बात पर गदगद हो गईं। रजा मुराद ने बताया कि मुहल्ले के लोग उन्हें मुन्ने मियां कहकर ही पुकारते थे। इसके साथ ही रजा मुराद अपने करीबियों के साथ शहर का भ्रमण भी किया।

अब हीरो हुआ शरारती, विलेन भी नहीं रहा काला

पांच सौ से ऊपर फिल्मों में दमदार किरदार निभा चुके रजा मुराद ने दैनिक जागरण से विशेष बातचीत में कहा कि फिल्मों का अब पुराना दौर बदल गया है। हीरो अब शरारती होने लगा है और विलेन का किरदार भी पूरी तरह काला नहीं रह गया। धुरंधर जैसी फिल्म बनाना बहुत बड़े कलेजे का काम है।

पूरा कराची क्रिएट कर देना अपने आप में बहुत बड़ी बात है। कहा तकनीक तो उन्नत हुई है मगर लेखनी में गिरावट आई है। बात चाहे गाने की हो, गायक या संगीत की हो शोर ज्यादा है, मैलोडी नहीं है। हमारे जमाने में रफी, लता, महेंद्र कपूर, जगजीत सिंह के गाए गीत आज भी कोई भूल नहीं सकता।

संवाद भी पहले चाहे एक लाइन के हों वह भी आज तक लोगों की जुबान पर हैं जैसे-मेरे पास मां है..., कितने आदमी थे...., इतना सन्नाटा क्यों है भाई, ये सभी डायलाग आज भी लोगोें को याद हैं। वह पंचलाइन लिखने वालों की कमी अखरती है।

यह भी पढ़ें- TMC प्रत्याशी को सीधी चेतावनी से याद आया रामपुर का वो एनकाउंटर, जब IPS अजयपाल ने 24 घंटे में किया था न्याय

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।