विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वोटर लिस्ट से जुड़ी जानकारी और समस्याओं के समाधान के लिए टोल फ्री नंबर जारी, शुरू होगा कंट्रोल सेंटर

Published: Sun, 15 Nov 2026 09:17 PM (IST)

रामपुर में मतदाता सूची से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 शुरू किया गया है। ...और पढ़ें

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. मतदाता सूची के लिए टोल फ्री नंबर 1950 शुरू।

  2. नाम दर्ज कराने, हटवाने, त्रुटि सुधारने में मिलेगी मदद।

  3. सुबह 9 से रात 9 बजे तक मिलेगी सहायता।

जागरण संवाददाता, रामपुर। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, कटवाने या किसी तरह की त्रुटि को ठीक कराने के लिए अब लोगों को निर्वाचन कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। मतदाता सूची से जुड़ी हर जानकारी और समस्या के समाधान को जिले में टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 शुरू किया जा रहा है।

इस पर सुबह नौ बजे से रात नौ बजे तक सहायता मिलेगी। इसके लिए मंगलवार से कलक्ट्रेट स्थित जिला सूचना विज्ञान केंद्र एनआइसी में डिस्ट्रिक्ट कान्टेक्ट सेंटर (डीसीसी) संचालित होगा।

अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी आनंद कुमार सिंह ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर अर्हता तिथि एक जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कराया जा रहा है।

इसके तहत 17 नवंबर यानी मंगलवार को मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन होगा। इसके बाद 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, हटवाने और विवरण में संशोधन के लिए दावे एवं आपत्तियां ली जाएंगी।

उन्होंने बताया कि मतदाताओं की सुविधा के लिए 17 नवंबर से निर्वाचक नामावलियों के अंतिम प्रकाशन तक डीसीसी काम करेगा। नागरिक टोल फ्री नंबर 1950 के अलावा 0595-2350298 पर भी संपर्क कर सकेंगे। यहां से मतदाता सूची में अपना नाम, मतदेय स्थल और संबंधित बूथ लेवल अधिकारी बीएलओ की जानकारी प्राप्त की जा सकेगी।

एक फोन पर मिलेगी आवेदन से लेकर सुधार तक की जानकारी

हेल्पलाइन पर नया नाम जुड़वाने, किसी नाम पर आपत्ति दर्ज कराने, नाम हटवाने, मतदाता विवरण में संशोधन और पता बदलवाने की प्रक्रिया समझाई जाएगी। नया मतदाता पहचान पत्र प्राप्त करने के लिए जरूरी प्रपत्रों की जानकारी भी मिलेगी। पहले से आवेदन कर चुके लोग उसकी स्थिति जान सकेंगे।

आवेदन करते समय आने वाली तकनीकी या अन्य दिक्कतों के समाधान के लिए भी मार्गदर्शन दिया जाएगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि आलेख्य मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद अपने साथ परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम भी जरूर जांच लें।

किसी पात्र व्यक्ति का नाम छूटने या विवरण गलत होने पर 17 नवंबर से 16 दिसंबर के बीच निर्धारित प्रपत्र भरकर दावा या आपत्ति दर्ज कराएं। इससे कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित नहीं रहेगा।

यह भी पढ़ें- संभल में विकास की रफ्तार सुस्त: सांसद जियाउर्रहमान बर्क की निधि से 6.21 करोड़ का भुगतान, लेकिन जमीन पर पूरे हुए काम 'शून्य'

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।