विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रामपुर: रहते एक गांव में, वोट दर्ज दूसरे में! मतदाता सूची से 21 नाम कटने पर मची हलचल, DM तक पहुंची शिकायत

Published: Wed, 04 Nov 2026 06:19 PM (IST)

रामपुर के अलीनगर शुमाली गांव में मतदाता सूची में गड़बड़ी का मामला सामने आया है, जहां 21 लोगों के नाम ...और पढ़ें

एआई इमेज

एआई इमेज

जागरण संवाददाता, रामपुर। मतदाता सूची में गड़बड़ियां दुरुस्त करने को लेकर अभियान ने तेजी पकड़ ली है। ऐसे में अधिकारियों के सामने शिकायतें भी आनी शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में मिली शिकायत में गांव में रहने वाले कुछ लोगों के नाम किसी दूसरी ग्राम पंचायत की मतदाता सूची में दर्ज कराने और कुछ के नाम मतदाता सूची से हटाने के आरोप लगे हैं।

मामला चमरौआ विधानसभा क्षेत्र के अलीनगर शुमाली गांव का है। सद्दाम हुसैन ने खुद को इस गांव का बताते हुए इस संबंध में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी को शिकायती पत्र देकर 21 लोगों के नाम गलत तरीके से हटाने और कुछ के नाम जटपुरा गांव की मतदाता सूची में दर्ज कराने का आरोप लगाया है।

साथ ही जांच उपरांत कार्रवाई कराने की मांग की है। शिकायतकर्ता का कहना है कि वह और उसकी पत्नी वर्ष 2025 की मतदाता सूची में अलीनगर शुमाली के मतदाता के रूप में दर्ज थे। परिवार के अन्य सदस्यों के नाम भी मतदाता सूची में शामिल थे।

इतना ही नहीं, वर्ष 2003 की मतदाता सूची में भी उनके माता-पिता और परिवार के अन्य लोगों के नाम दर्ज थे। आरोप है कि एसआइआर प्रक्रिया के दौरान उनके परिवार और खानदान के लोगों के फार्म गायब कर दिए गए।

आरोप है कि इसके बाद कई लोगों के नाम मतदाता सूची से कट गए। सद्दाम हुसैन का कहना है कि मामला हाईकोर्ट तक पहुंचा। इलाहाबाद हाईकोर्ट में मिस्कीन जहां व 18 अन्य बनाम उत्तर प्रदेश सरकार मामले में याचिका दाखिल की गई थी।

12 अगस्त 2026 को कोर्ट ने संबंधित लोगों को जिला निर्वाचन अधिकारी के समक्ष प्रार्थना पत्र देने के निर्देश दिए थे। इसके बाद उन्होंने निर्वाचन अधिकारी के सामने अपना पक्ष रखा।

शिकायत में आरोप लगाया है कि अलीनगर शुमाली के कुछ निवासियों के नाम जटपुरा गांव की मतदाता सूची में दर्ज कर दिए गए, जबकि उन्होंने वहां मतदाता बनने के लिए कोई आवेदन ही नहीं किया था।

शिकायतकर्ता का कहना है कि आधार कार्ड, स्थायी निवास प्रमाणपत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट, बिजली बिल और आयकर से जुड़े दस्तावेजों का हवाला देते हुए कहा है कि सभी अभिलेखों में उनका पता अलीनगर शुमाली ही दर्ज है।

इससे अवगत भी कराया गया था। उन्होंने मामले में ग्राम प्रधान तसलीम जहां, उनके पति मुश्ताक अली, पूर्व बीएलओ मुख्तर अली सहित वर्तमान बीएलओ और राजस्व व निर्वाचन से जुड़े कई अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर मिलीभगत कर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर मतदाता सूची तैयार कराने का आरोप लगाया गया है।

शिकायतकर्ता ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने और सभी प्रभावित लोगों के नाम अलीनगर शुमाली की मतदाता सूची में दोबारा शामिल कराने की मांग की है। डीएम ने उन्हें मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है।

यह भी पढ़ें- रामपुर में जननायक एक्सप्रेस में हादसा: खिड़की के पास बैठे मासूम के चेहरे पर उछलकर लगा पत्थर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।