विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 14, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

UP News: रामपुर में शोहदों की हरकतों से तंग आकर एक सप्‍ताह में दो छात्राओं ने दी जान, BJP नेता की बेटी भी बनी शि‍कार

Published: Wed, 14 Feb 2024 09:40 AM (IST)

Rampur News रामपुर में सप्ताहभर में दो छात्राएं जान दे चुकी हैं। बेटियों की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार थाना पुलिस ...और पढ़ें

रामपुर में सप्ताहभर में दो छात्राएं दे चुकी हैं जान।- सांकेत‍िक तस्‍वीर
रामपुर में सप्ताहभर में दो छात्राएं दे चुकी हैं जान।- सांकेत‍िक तस्‍वीर

जागरण संवाददाता, रामपुर। प्रदेश सरकार मिशन शक्ति जैसे कार्यक्रम चलाकर एक ओर नारी सशक्तिकरण की मिसाल पेश कर रही है, वहीं दूसरी ओर जिले में बेटियाें को शोहदे की हरकतों से तंग आकर जान देनी पड़ रही है। जिले में सप्ताहभर में दो छात्राएं जान दे चुकी हैं।

बेटियों की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार थाना पुलिस और एंटी रोमियो दस्ता भी इस पर रोक नहीं लगा पा रहा है। जिले में सप्ताहभर में इस तरह की दूसरी घटना हुई है, जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया है। दूसरी घटना का शिकार सत्ताधारी पार्टी की महिला पदाधिकारी की बेटी बनी है।

जहर खाने के बाद 12 द‍िन तक मौत से लड़ी छात्रा

इससे पहले शहजादनगर थाना क्षेत्र में भी इस तरह की घटना हुई। जहर खाने के बाद वह मौत से 12 दिन तक लड़ी। आखिर में हार गई। यह हादसा शहजादनगर थाना क्षेत्र के एक गांव का था, जहां रहने वाले एक व्यक्ति की 19 वर्षीय बेटी मिलक के डिग्री कालेज में बीए द्वितीय वर्ष में पढ़ती थी। उसकी परीक्षा चल रही थी। 27 जनवरी को वह परीक्षा देने जा रही थी। उसके ही गांव का देवेंद्र रेलवे क्रासिंग पर खड़ा था। उसने छात्रा को रोककर उसके साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया था।

युवक पहले भी कई बार उसे रास्ते में रोककर परेशान कर चुका था। उसकी हरकतों से परेशान होकर छात्रा ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था। हालत बिगड़ने पर स्वजन ने छात्रा को उपचार के लिया मुरादाबाद के एक अस्पताल में भर्ती करा दिया था। आठ फरवरी की देर रात उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई थी। छात्रा के जहर खाने के बाद पुलिस हरकत में आई थी। युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अब रामपुर शहर में शोहदों ने घर में घुसकर कक्षा आठ की छात्रा से छेड़छाड़ की। इससे आहत छात्रा ने आत्महत्या कर ली।

पुल‍िस ने क्‍या कहा? 

पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी का कहना है कि पहली घटना के आरोपित को जेल भेजा चुका है। दूसरी घटना की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें: UP News: भाजपा नेता की बेटी ने छेड़छाड़ से तंग आकर दी जान, आरोपी युवक भी BJP नेता के पर‍िवार से रखता है ताल्लुक

यह भी पढ़ें: कॉलेज जाते हुए छात्रा को परेशान करता था युवक, लड़की ने उठाया खौफनाक कदम...