रामपुर RDA की 'हिट लिस्ट' तैयार: खौद में 30 बीघा पर बुलडोजर चलने के बाद अब इन इलाकों की बारी, हड़कंप!
खौद में 30 बीघा जमीन पर अवैध रूप से काटी जा रही कॉलोनी पर प्रशासन का बुलडोजर गरजा। बिना नक्शा ...और पढ़ें

आरडीए का चलता बुलडोजर
HighLights
सात जनवरी को शहर से सटे ताशका के मजरा में की थी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई
जागरण संवाददाता, रामपुर। रामपुर विकास प्राधिकरण की अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में आरडीए टीम ने शहर से करीब 15 किमी दूर खौद में अवैध प्लाटिंग पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। यहां आरडीए से बिना नक्शा पास कराए अवैध रुप से प्लाटिंग की जा रही थी। करीब 500 वर्ग मीटर में पक्का आफिस बनाने के साथ सड़क का निर्माण कराकर भू खंड काट जा रहे थे।
ध्वस्तीकरण की यह कार्रवाई आरडीए की टीम ने मंगलवार की दोपहर करीब एक बजे पुलिस बल के साथ मौके पर बुलडोजर चलवाकर की। खौद चौराहा शहर से 15-16 किमी की दूरी पर है। यहां फिरासत नामक व्यक्ति की ओर से 25-30 बीघा भूमि पर अवैध प्लाटिंग किए जाने की जानकारी आरडीए को मिली थी। इसके बाद मामला सही पाए जाने पर आरडीए ने कार्रवाई शुरू की।
फिरासत नाम के व्यक्ति द्वारा कराई जा रही थी प्लाटिंंग
सहायक अभियंता मनोज सिसोदिया ने बताया कि खौद में करीब 25-30 बीघा भूमि पर अवैध रूप से प्लाटिंग फिरासत नामक व्यक्ति के द्वारा की जा रही थी। इस प्लाटिंग का उसने नक्शा आदि पास नहीं कराया था। इसे अवैध पाते हुए नोटिस जारी करने पर भी कोई अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए। इसके बाद मंगलवार को आरडीए की टीम पुलिस बल लेकर मौके पर पहुंची।
जहां सड़क निर्माण के साथ पक्का आफिस व सड़क आदि का निर्माण पाया जो अवैध रुप से निर्मित था। मौके पर उपस्थित कोई भी व्यक्ति उस निर्माण के बाबत कोई भी वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर पाए। इस पर आरडीए के उच्चाधिकारियों के निर्देश पर टीम ने पुलिस बल के सहयोग से बुलडोजर से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की।
अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं करेगा आरडीए
बुलडोजर चलने से पक्के निर्माण ध्वस्त कर दिए गए। उन्होंने बताया कि आरडीए अवैध निर्माण को बर्दाश्त नहीं करेगा। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई जारी रखेगा। साथ ही उन्होंने लोगों से कहा है कि बिना मानचित्र पास कराए जाने वाले स्थानों पर भूखंड खरीदने से बचे। यह प्लाटिंग अवैध होती है।
इससे पूर्व सात जनवरी को तहसील के ही गांव ताशका मजरा में भी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई थी। यहां दो हजार वर्गमीटर में अनाधिकृत रूप से प्लाटिंग की जा रही थी। यह प्लाटिंग सिराजुद्दीन,निजामुद्दीन,जमीलुद्दीन आदि के द्वारा कराई जा रही थी। आरडीए के अधिकारियों के निर्देश पर विभाग की टीम ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर बुलडोजर चलवाकर ध्वतीकरण की कार्रवाई की थी।
कई और अवैध निर्माण आरडीए के निशाने पर
आरडीए के निशाने पर अभी कई और स्थानों के अवैध निर्माण भी हैं। तहसील सदर के यह स्थान शहर की सीमा से भी सटे हुए हैं। हालांकि इन क्षेत्रों में पूर्व में भी आरडीए का बुलडोजर गरज चुका है। आरडीए के अधिकारियों के द्वारा चेतावनी भी दी जा चुकी है। उसके बाद भी संबंधित क्षेत्रों में अवैध प्लाटिंग व निर्माण पर पूरी तरह से रोक नहीं लग सकी है।
इन क्षेत्रों में डूंगरपुर, ताशका, सैजनी नानकार, अजीतपुर, आगापुर, शादी की मढ़ैया आदि शामिल हैं। आरडीए टीम यहां कभी भी पहुंचकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई कर सकती है। आरडीए के सहायक अभियंता ने बताया कि जिन स्थानों पर अवैध निर्माण व प्लाटिंग का धंधा चल रहा है। सभी पर विभाग की नजर है। ऐसे निर्माण पर कार्रवाई की जाएगी।
