UP-उत्तराखंड बॉर्डर के पीपली के जंगल में भट्ठी लगाकर तैयार हो रहे थे तमंचे, पुलिस की छापेमारी में दो गिरफ्तार, तीन फरार
रामपुर के पीपली जंगल में पुलिस ने अवैध हथियार बनाने वाली भट्ठी पर छापा मारा, जहां से उत्तराखंड के दो ...और पढ़ें

रामपुर में पीपली के जंगल में अवैध असलहे बनाने के आरोप में पकड़े लोगों की जानकारी देते पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिंह।
जागरण संवाददाता, रामपुर। पीपली का जंगल अपराधियों के लिए कमाई का जरिया बन गया है। लकड़ी तस्कर यहां से खैर की तस्करी कर रहे हैं तो अवैध असलहे बनाने वालों के लिए यह सुरक्षित स्थान बन गया है। पुलिस ने मंगलवार को पीपली के जंगल में अवैध असलहे बनाते उत्तराखंड के दो लोगों को गिरफ्तार किया।
इनके तीन साथी फरार हो गए। मौके से तीन तमंचे 12 बोर, एक देशी बंदूक, दो तमंचे 315 बोर, दो अधबने तमंचे और काफी संख्या में कारतूस मिले हैं। अवैध असलहे बनाने के उपकरण भी बरामद हुए हैं।
पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि मिलक खानम पुलिस को जंगल में अवैध असलहे बनाने की सूचना मिली थी, जिस पर थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम पदमपुर बार्डर पर छोटी मजार से आगे पहुंची।
वहां टीम को पांच लोग भट्ठी जलाकर अवैध हथियार बनाने में जुटे थे। कोई लोहे को गर्म कर हथौड़े से पीट रहा था तो कोई तमंचे की नाल की घिसाई और पुर्जे जोड़ने का काम कर रहा था।
पुलिस ने घेराबंदी कर दो आरोपितों को मौके से पकड़ लिया, जबकि तीन लोग जंगल की ओर भाग निकले। पकड़े गए आरोपितों ने अपने नाम धर्मेंद्र सिंह निवासी कलकत्ता/कलकत्ती थाना गदरपुर जिला ऊधमसिंह नगर उत्तराखंड और टीटू सिंह निवासी गुलाब सिंह का मझरा थाना किलाखेड़ा जिला ऊधमसिंह नगर बताए।
इनके दो फरार साथियों की पहचान दर्शन सिंह निवासी गुलाब सिंह का मझरा और गुरमीत निवासी खुशालपुर थाना गदरपुर के रूप में हुई है। तीसरे फरार व्यक्ति की पहचान नहीं हो सकी। इस मामले में थाने में पांचों लोगों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
पकड़े गए धर्मेंद्र के खिलाफ मिलक खानम थाने में आबकारी और वन अधिनियम के मुकदमे दर्ज हैं। टीटू के खिलाफ वन अधिनियम और उत्तराखंड के किलाखेड़ा थाने में मुकदमे दर्ज हैं। फरार आरोपितों की तलाश की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।