रामपुर में ताबड़तोड़ फायरिंग कर युवक की हुई हत्या, न्यूजीलैंड से आए सौतेले बेटे समेत 8 पर केस
न्यूजीलैंड से लौटे सौतेले बेटे ने अपने फुफेरे भाई के साथ मिलकर दिनदहाड़े अपने सौतेले पिता नवजोत सिंह की गोली ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
संवाद सहयोगी, स्वार। दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग कर नवजोत सिंह की हत्या न्यूजीलैंड से लौटे उनके सौतेले बेटे ने अपने फुफेरे भाई के साथ मिलकर की थी। दोनों हत्यारोपित वारदात को अंजाम देते हुए सीसीटीवी में कैद हो गए। मृतक के स्वजन की तहरीर पर पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। जल्द ही वारदात के राजफाश का पुलिस ने दावा किया है।
शनिवार को मिलकखानम क्षेत्र के गांव टाहकलां निवासी नवजोत सिंह की हत्या के मामले में पारिवारिक रंजिश की बात सामने आई है। नवजोत की कथित रूप से दूसरी पत्नी के छोटे बेटे अबदीप सिंह ने न्यूजीलैंड से लौटने के बाद अपने फुफेरे भाई के साथ मिलकर नवजोत सिंह पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस हमले में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोप है कि अबदीप की मां के नवजोत के साथ रहने को लेकर परिवार में पहले भी विवाद हुआ था और पंचायत बैठी थी।
पिता की मृत्यु के बाद अबजीत अपने बड़े भाई के साथ न्यूजीलैंड में एक डेरी पर काम करने चला गया था। दोनों भाईयों को अपनी मां का नवजोत के साथ रहना पसंद नहीं था। अबदीप सिंह कुछ दिन पहले न्यूजीलैंड से लौटा था। आरोप है कि उसने हत्या में प्रयुक्त की गई एक पुरानी अल्टो कार खरीदी। इसके बाद अपने फुफेरे भाई ग्राम खेड़ा कचनाल, तहसील बिलासपुर के रहने वाले राजनदीप के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
मृतक के पिता की ओर से दी गई तहरीर में अबदीप सिंह व राजनदीप के अलावा उसके बड़े भाई जोगनप्रीत सिंह, रिश्ते के मामा सुल्तान सिंह, ताऊ वीर सिंह, तहेरा भाई सनप्रीत सिंह, पड़ोसी तरसेम सिंह व तरसेम के बेटे चरनजीत सिंह को हत्या के मामले में नामजद किया गया है। आरोप है कि घटना के दौरान मृतक के माता-पिता पर भी फायरिंग की गई। एएसपी अनुराग सिंह ने बताया कि पुलिस जल्द ही वारदात का अनावरण करेगी।
