विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रामपुर को 10.20 करोड़ की सौगात: नाहल नदी पर बनेगा नया पुल, पॉलिटेक्निक तक सड़क होगी चौड़ी

Published: Thu, 05 Nov 2026 11:47 PM (IST)

रामपुर में नाहल नदी पर पुल और पॉलिटेक्निक तक सड़क चौड़ीकरण के लिए 10.20 करोड़ रुपये की दो परियोजनाओं को ...और पढ़ें

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. दोनों परियोजनाओं को प्रदेश मुख्यालय से मिली मंजूरी

  2. ग्रामीणों के साथ ही छात्रों को मिलेगी आवागमन में राहत

जागरण संवाददाता, रामपुर। जिले में आवागमन की व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए दो सड़क और पुल परियोजनाओं को मंजूरी मिली है। इनमें नाहल नदी पर लघु सेतु का निर्माण और रामपुर-केमरी मार्ग से राजकीय पालिटेक्निक कालेज तक दो किमी सड़क का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण शामिल हैं। दोनों परियोजनाओं पर कुल 10 करोड़ 20 लाख 12 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे।

इन कार्यों के पूरा होने से एक ओर ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क बेहतर होगा, वहीं दूसरी ओर राजकीय पालिटेक्निक कालेज तक पहुंचने वाले विद्यार्थियों और अन्य लोगों का आवागमन सुविधाजनक होने से राहत मिल सकेगी।

वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना में रामपुर-बड़ाखास-सिमरा-हरदुआ-हरदासपुर-नवदिया-सिर्रा-भैसौड़ी-घनेली पूर्वी मार्ग पर किलोमीटर आठ में नाहल नदी पर लघु सेतु निर्माण को स्वीकृति दी गई है।

इसके लिए चार करोड़ 56 लाख 80 हजार रुपये की धनराशि मंजूर की गई है। प्रस्तावित पुल की लंबाई तीन गुणा 12 मीटर निर्धारित है। नदी पर पुल बनने से आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

खासकर बारिश के दौरान नदी के कारण रास्ते में आने वाली दिक्कतों से राहत मिलने की उम्मीद है। ग्रामीणों को अपने खेतों, बाजार और अन्य जरूरी स्थानों तक पहुंचने के लिए बेहतर संपर्क मार्ग उपलब्ध हो सकेगा।

वहीं दूसरी परियोजना रामपुर-केमरी मार्ग के किलोमीटर दो से राजकीय पालिटेक्निक कालेज तक सड़क को बेहतर बनाने से जुड़ी है। जिला मार्ग की इस सड़क के शून्य से दो किलोमीटर तक चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए पांच करोड़ 63 लाख 32 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

दो किलोमीटर लंबाई में सड़क का चौड़ीकरण होने से वाहनों के आवागमन में आसानी होगी। पालिटेक्निक कालेज आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और स्थानीय लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

उन्हें उबड-खाबड़ रास्ते से मुक्ति मिल जाएगी। हालांकि अभी इन कार्य को प्रदेश मुख्यालय से स्वीकृति मिली है। धनराशि भी अवमुक्त की गई है लेकिन कार्य आरंभ होने में अभी थोड़ा समय लगेगा।

वहीं दोनों परियोजनाएं पूरी होने के बाद जिले में ग्रामीण संपर्क और शैक्षिक संस्थान तक पहुंचने की सुविधा को मजबूती मिलेगी। खास बात यह है कि एक परियोजना ग्रामीण आवागमन की बड़ी बाधा दूर करेगी तो शैक्षिक संस्थान तक पहुंचने का रास्ता सुगम बनाएगी।

लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता गौरव कुमार सिंह ने बताया कि विभाग ने जिले में नाहल नदी पर लघु सेतु निर्माण व केमरी मार्ग से राजकीय पालिटेक्निक कालेज तक दो किमी सड़क चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के कार्य को स्वीकृति प्रदान की है।

करीब 10.20 करोड़ रुपये की लागत वाले इन कार्यों के प्रस्ताव भेजे गए थे। अब टेंडर संबंधी समस्त प्रक्रिया पूरी कराकर जल्दी कार्य आरंभ कराया जाएगा।

यह भी पढ़ें- रामपुर: रहते एक गांव में, वोट दर्ज दूसरे में! मतदाता सूची से 21 नाम कटने पर मची हलचल, DM तक पहुंची शिकायत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।