आंखों के सामने पिता को मारी गई थीं 6 गोलियां... अब उसी खौफनाक मोड़ पर बेटे को लेकर पहुंची पुलिस, रीक्रिएट हुआ क्राइम सीन
खजुरिया पुलिस ने मोहम्मद शरीफ हत्याकांड की जांच शुरू कर दी है, जिसमें बेटे अबू वाइज को घटनास्थल पर ले ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
खजुरिया पुलिस ने शुरू की जांच, घटना के समय मौजूद बेटे से समझा पूरा क्राइम सीन
जागरण संवाददाता, रामपुर। सीआरपीएफ कैंप पर आतंकी हमले के आरोपित रहे मोहम्मद शरीफ की हत्या के मामले में खजुरिया थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मुकदमे की जांच कर रहे थाना प्रभारी मनोज कुमार पांडेय गुरुवार को मृतक के बेटे अबू वाइज को लेकर अपराध स्थल पर पहुंचे। उससे पूरा क्राइम सीन समझा।
विवेचक ने घटना की पूरी जानकारी लेकर अपराध स्थल का नजरी नक्शा (स्पाट मैप) भी बनाया। मृतक के बेटे ने पुलिस को बताया कि वह अपने पिता को लेकर खजुरिया थाने से लौट रहा था।
दोनों स्पलेंडर बाइक पर थे। वह बाइक चला रहा था, जबकि पिता पीछे बैठे थे। पीछे से सफेद रंग की अपाचे बाइक पर आए दो बदमाशों ने पिता को पहले पीठ पर गोली मारी। पिता बाइक से गिर गए। वह भी बाइक के साथ खेत में गिरा।
उसके बाद बदमाशों ने पिता पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। वह डरकर वहां से दूर भाग गया और परिवार के अन्य सदस्यों को सूचना दी। पुलिस ने बेटे के बताए अनुसार पूरा क्राइम सीन समझा।
घटना के समय घटना के समय बेटा कहां था और मृतक को जिस स्थान पर गोली मारी, वह नक्शे पर अंकित किया। घटनास्थल के आसपास संकेतक, दिशाएं आदि की जानकारी अंकित की।
हत्या की वारदात मंगलवार शाम साढ़े छह बजे की है। मोहम्मद शरीफ को पुलिस ने थाने में हाजिरी के लिए बुलाया था। वह अपने बेटे के साथ बाइक से थाने गए थे।
थाने से लौटते समय बाइक सवार दो बदमाशों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी थी। पोस्टमार्टम में उनके शरीर में छह गोलियां मिली थीं, जिसमें दो शरीर के पार हो गई थीं।
उनके खोखे पुलिस को घटना के बाद घटनास्थल की जांच के दौरान मिल गए थे। तब पुलिस ने फील्ड यूनिट और फारेंसिक टीम की मदद से अपराध स्थल से जरूरी साक्ष्य भी एकत्र कर लिए थे।
मृतक के घर और गांव में तीसरे दिन भी सन्नाटा, पुलिस हटाई
मोहम्मद शरीफ की हत्या के बाद से गांव में गुरुवार को तीसरे दिन भी सन्नाटा पसरा रहा। गांव में पुलिस भी हटा दी गई है। मृतक के बेटे अबू वाइज अब भी घटना को लेकर सदमे में हैं।
मृतक के छोटे भाई मोहम्मद शाहीन ने बातचीत में बताया कि पिता की मौत से बेटा गम में है। उसकी आंखों के सामने पिता की हत्या की गई है। तब वहां कोई पुलिस नहीं थी।
हत्या के बाद गांव में पुलिस ही पुलिस लगा दी गई। बुधवार शाम दफन होने तक पूरे गांव को छावनी बना दिया गया था। गांव में इतनी फोर्स लगा दी थी कि लोग डर रहे थे। दफन के बाद से पुलिस गायब है।
अब उनके घर के बाहर या गांव में कोई पुलिसकर्मी नजर नहीं आ रहा। उन्होंने भाई की हत्या को लेकर फिर पुलिस पर सवाल उठाया। कहा कि भाई को हाजिरी के लिए थाने बुलाया जाता था, लेकिन इस बार उन्हें थाने भेजने के लिए जरूरत से अधिक दबाव बनाया गया।
बंटी सिपाही ने थाने न आने पर परिणाम भुगतने की धमकी तक दी। चौकीदार को घर भेज दिया और जब भाई थाने पहुंचे तो सिपाही वहां नहीं मिला। ऐसे में हम पुलिस से कैसे उम्मीद कर सकते हैं कि वह हमें इंसाफ दिलाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।