VB G-Ram G में फर्जीवाड़े का नया तरीका! क्लोन एप से लग रही मजदूरों की फर्जी हाजिरी, रामपुर में 1.13 लाख जॉबकार्ड धारक अलर्ट पर
वीबी-जीरामजी योजना में क्लोन एप से फर्जी उपस्थिति के मामले सामने आने से डिजिटल पारदर्शिता पर चिंता बढ़ गई है। रामपुर में अभी ऐसा कोई मामला नहीं है, लेकिन 1.13 लाख जाबकार्ड धारकों के लिए निगरानी बढ़ाई गई है ताकि तकनीक का दुरुपयोग रोका जा सके।

एआई इमेज
HighLights
वीबी-जीरामजी योजना में क्लोन एप से फर्जी उपस्थिति के मामले ने बढ़ाई चिंता
जागरण संवाददाता, रामपुर। ग्रामीणों को रोजगार देने और मनरेगा की विसंगतियों को दूर करने के उद्देश्य से शुरू की गई वीबी-जी रामजी योजना में डिजिटल व्यवस्था को पारदर्शिता का मजबूत आधार माना गया। लेकिन अब इसी तकनीक के सहारे फर्जीवाड़े की कोशिशें सामने आने के बाद विभाग की चिंता बढ़ा दी है।
गाजीपुर, चंदौली समेत प्रदेश के कुछ जिलों में एनएमएमएस (नेशनल मोबाइल मानिटरिंग सिस्टम) के क्लोन एप से मजदूरों की फर्जी हाजिरी दर्ज करने के मामले ने व्यवस्था की निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हालांकि इस तरह का मामला अभी जिले में कहीं से सामने नहीं आया है लेकिन फर्जीवाड़े को रोकने की नई चुनौती सभी के लिए चिंता बन गई है। जिले में इस घटनाक्रम को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
छह विकास खंड और 680 ग्राम पंचायत वाले इस जिले में तकरीबन 1.13 लाख जाबकार्ड धारक योजना के लाभार्थी हैं। गांवों में मनरेगा के माध्यम से मिलने वाला रोजगार अनेक परिवारों की आजीविका का सहारा रहा है।
हालांकि योजना का नाम मनरेगा से वीबी जीरामजी होने और स्वरूप बदलने के बाद भी जिले में लाभार्थियों की संख्या में कोई खास वृद्धि नहीं हुई है। ऐसे में उपलब्ध रोजगार का लाभ वास्तविक मजदूरों तक पहुंचना और उनके नाम पर किसी तरह की फर्जी उपस्थिति दर्ज नहीं होना बेहद महत्वपूर्ण है।
विभाग के अधिकारियों के अनुसार फिलहाल जनपद में इस तरह आनलालाइन फर्जीवाड़े का मामला सामने आने की सूचना नहीं है। शासन स्तर से समय-समय पर सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए जाते हैं।
उनका जिला स्तर से पालन कराया जाता है। दूसरे जिलों में सामने आए मामले बताते हैं कि केवल डिजिटल व्यवस्था लागू कर देना पर्याप्त नहीं है। तकनीक का दुरुपयोग रोकने के लिए उसकी नियमित निगरानी भी जरूरी है।
जिले की सभी ग्राम पंचायतों में डिजिटल हाजिरी की जांच, कार्यस्थल पर मजदूरों की मौजूदगी का सत्यापन और अपलोड की गई तस्वीरों को प्रतिदिन नजर रखी जाती है।
ब्लाक व जिला स्तर पर चेक किया जाता है ताकि किसी ग्राम पंचायत में अधिक संख्या में उपस्थिति नजर आए तो उसे चेक कराया जा सके। संदिग्ध उपस्थिति मिलने पर जिम्मेदारों की जवाबदेही तय की जाए।
जनपद में वीबी जीरामजी योजना में आनलाइन फर्जीवाडे का कोई मामला सामने नहीं आया है। हाजिरी पर नजर रखने के लिए नियमित रुप से निगरानी की जाती है। ब्लाक स्तर व जिला स्तर से एप चेक किए जाते हैं। आगे भी इसे बनाए रखने पर जोर दिया जाएगा ताकि सावधानी बनी रहने से किसी तरह की अनियमितता सामने नहीं आए।
अमित कुमार, डीसी, वीबी जीरामजी, मनरेगा