विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पत्नी ने हत्यारोपियों से कर लिया सौदा, पर भाई ने नहीं मानी हार; कर्ज लेकर लड़ी लड़ाई और 4 साल बाद दिलवाया इंसाफ

Published: Fri, 27 Nov 2026 10:04 PM (IST)

बरेली के हफीज सैफी की मौत के मामले को पुलिस ने पत्नी के समझौते के आधार पर बंद कर दिया था, लेकिन भाई शफीक सैफी ने चार साल तक संघर्ष कर न्याय पाया। न्यायालय के आदेश पर दोबारा विवेचना हुई और हत्या के आरोपी मामा-भांजे गिरफ्तार कर जेल भेज दिए गए।

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. पुलिस की अंतिम आख्या को न्यायालय में दी चुनौती, दोबारा विवेचना से मिला न्याय

संवाद सहयोगी, शाहबाद (रामपुर)। चार साल पहले बरेली के जिस हफीज सैफी की मौत के मामले को पुलिस ने फाइनल रिपोर्ट लगाकर बंद कर दिया था, उसका आधार मृतक की पत्नी निशा और आरोपितों के बीच समझौता बना। मृतक के भाई के अनुसार, आरोपितों ने निशा को आठ लाख रुपये दिए थे, जबकि महिला के स्वजन का कहना है कि चार लाख रुपये आरोपितों की ओर से दिए गए थे, ताकि वह अपनी और बच्चों की गुजर बसर कर सके।

वजह जो भी रही हो, लेकिन हफीज की मौत के मामले को पुलिस ने गंभीरता से नहीं लिया और फाइनल रिपोर्ट लगाकर केस बंद कर दिया। फिर भी मृतक के बड़े भाई शफीक सैफी अकेले डटे रहे और न्याय के लिए संघर्ष करते रहे। उनकी मेहनत रंग लाई।

न्यायालय ने दोबारा विवेचना के आदेश कर दिए और पुलिस ने हफीज की मौत के लिए जिम्मेदार मामा-भांजे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। दोबारा हुई मुकदमे की विवेचना शाहबाद कोतवाली के उप निरीक्षक जय प्रकाश कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि हफीज की मौत के लिए जिम्मेदार सोनू और सतीश को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया है। विवेचना प्रचलित है, जो निष्पक्षता के साथ की जा रही है।

मृतक की पत्नी के खिलाफ कोई शिकायती पत्र नहीं मिला है। दोबारा हुई मुकदमे की विवेचना शाहबाद कोतवाली के उप निरीक्षक जय प्रकाश कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि हफीज की मौत के लिए जिम्मेदार सोनू और सतीश को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया है। विवेचना प्रचलित है, जो निष्पक्षता के साथ की जा रही है। मृतक की पत्नी के खिलाफ कोई शिकायती पत्र नहीं मिला है।

यह था मामला

11 अगस्त 2022 को ढकिया चौराहे पर बरेली के सिरौली निवासी बस हेल्पर हफीज का कुछ लोगों से विवाद हुआ था। आरोपितों ने उसके सिर पर ईंट मारकर घायल कर दिया था। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई थी।

पुलिस ने शफीक सैफी की शिकायत पर शाहबाद के गुजरैला गांव के सोनू और उसके भांजे पटवाई के रजौरा का मझरा गांव के सतीश के खिलाफ गैर इरादतन हत्या, गाली गलौज और धमकाने की धारा में प्राथमिकी की थी।

मुकदमे की जांच उप निरीक्षक सुभाष चंद्र ने की। उन्होंने अपनी जांच पूरी कर दोनों आरोपितों को क्लीन चिट देते हुए फाइनल रिपोर्ट लगा दी थी। जिसके खिलाफ मृतक के भाई ने न्यायालय में याचिका दायर की थी।

उनका कहना था कि विवेचना अधिकारी ने अपनी जांच रिपोर्ट में किसी अपराध का कोई साक्ष्य न होना पाए जाने की बात कही है, लेकिन विवेचक ने फाइनल रिपोर्ट में यह स्पष्ट नहीं किया कि मृत्यु किस कारण हुई।

यह संदेहास्पद है। विवेचक ने किसी भी प्रकार से कोई विवेचना करने का प्रयास नहीं किया और तथ्यों को अनदेखा किया। उनकी याचिका पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय ने 31 अक्टूबर को अग्रिम विवेचना के आदेश दिए थे।

भाई शफीक बोले- पैरवी के लिए पर्याप्त रुपये भी नहीं थे

हफीज सैफी की मौत के बाद उनके बड़े भाई शफीक सैफी ने न्याय की लड़ाई को ही अपना मकसद बना लिया। पेशे से बस चालक शफीक दिल्ली-सिरौली मार्ग पर बस चलाते हैं।

मगर, भाई की मौत के बाद उनका ज्यादातर समय मुकदमे की पैरवी में बीत रहा है। वह कभी-कभार ही बस चलाने जा पाते थे। परिवार की जिम्मेदारियों और रोजी-रोटी की चिंता के बीच उन्होंने भाई को इंसाफ दिलाने की उम्मीद नहीं छोड़ी।

उनका कहना है कि मुकदमे की पैरवी के लिए उनके पास पर्याप्त रुपये भी नहीं थे। ऐसे में वह लोगों से उधार लेकर अदालत और वकीलों के चक्कर लगाते रहे। इस दौरान उन्हें खुद भी मुकदमे का सामना करना पड़ा।

भाई की मौत के बाद उसका मकान पत्नी ने बेच दिया। मना करने पर झूठा मुकदमा भी कराया। बावजूद इसके वह पीछे नहीं हटे। भाई की मौत के जिम्मेदारों को जेल भिजवाकर आधी लड़ाई जीत ली है और आगे भी लड़ते रहेंगे।

मृतक के ससुर बोले- बेटी के भविष्य की थी चिंता

मृतक हफीज सैफी की ससुराल सैफनी क्षेत्र के सागरपुर गांव की है। उसके ससुर जरीफ कुरैशी का कहना है कि बेटी विधवा हो गई थी। आरोपित पक्ष और बेटी के बीच समझौता शाहबाद में हुआ था। तब पुलिस भी मौजूद थी। हमें भी बेटी के भविष्य की चिंता थी। बेटी अब बिलारी में रहती है। उसके जेठ हमारी बेटी पर गलत आरोप लगा रहे हैं।

वादी के अधिवक्ता बोले- शपथपत्र में गलत जानकारी दी

अधिवक्ता सैयद शाह आलम ने बताया कि मृतक की पत्नी निशा ने अपने शपथपत्र में कई जानकारी गलत दी थी। पति की मौत घटना के तीन दिन बाद होना कहा था, जबकि उसी दिन मौत हुई थी और पोस्टमार्टम भी हुआ था।

अदालत ने आरोपितों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल करने के आदेश पुलिस को दिए थे। हमने भी फर्जी शपथपत्र देने वाले के खिलाफ कोर्ट में शिकायती पत्र दिया है।

यह भी पढ़ें- 'रामपुर वालों को हैदराबादी बिरयानी पसंद नहीं...', ओवैसी पर तंज कसने वाले आजम खां कैसे बदलेंगे UP की 20 सीटों का समीकरण?

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।