विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कचरे से बनाई बिजली, तो किसी ने बिना मिट्टी उगाई फसल; सरकारी स्कूल के इन 4 नन्हे वैज्ञानिकों ने किया कमाल

Published: Mon, 16 Nov 2026 01:25 PM (IST)

रामपुर के सरकारी स्कूलों के चार छात्रों ने अपनी वैज्ञानिक सोच से कमाल कर दिखाया है। उन्होंने पराली, कचरे से ...और पढ़ें

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. राष्ट्रीय आविष्कार अभियान में दो प्रथम और एक द्वितीय स्थान, अभिषेक का इंस्पायर अवार्ड में चयन

  2. गांव के स्कूलों से निकल रही वैज्ञानिक प्रतिभाएं, उपलब्धियों से बढ़ाया जिले का मान

राधेश्याम, रामपुर। किसी ने खेतों में पराली जलाने की समस्या का समाधान खोजा तो किसी ने कूड़े-कचरे से बिजली बनाने का माडल तैयार किया। किसी ने बिजली के तारों के बिना ऊर्जा पहुंचाने का प्रयोग किया तो किसी ने मिट्टी के बिना खेती करने की तकनीक से अपनी प्रतिभा दिखाई। परिषदीय विद्यालयों के इन चार विद्यार्थियों ने अपनी वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा और नवाचार से जिले में पहचान बनाई है।

राष्ट्रीय आविष्कार अभियान की प्रतियोगिताओं में प्रथम और द्वितीय स्थान हासिल करने से लेकर भारत सरकार की इंस्पायर अवार्ड योजना में चयन तक इन बच्चों की उपलब्धियों की लंबी फेहरिस्त है।

पराली का बेहतर समाधान खोज कृष्णा विश्वास ने हासिल किया प्रथम स्थान

यूपीएस कृष्णानगर कंपोजिट, विकासखंड बिलासपुर की छात्रा कृष्णा विश्वास ने राष्ट्रीय आविष्कार अभियान 2024-25 में अपनी वैज्ञानिक सोच का परिचय दिया।

उसने पराली की समस्या का बेहतर समाधान तलाशने पर आधारित माडल तैयार किया। जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में उसके माडल को प्रथम स्थान मिला। फसल कटाई के बाद खेतों में बचने वाली पराली को जलाने से वायु प्रदूषण की समस्या सामने आती है।

ऐसे में पराली के बेहतर उपयोग और प्रबंधन का विकल्प तलाशने की उसकी पहल महत्वपूर्ण रही। इस मॉडल को तैयार कराने में विद्यालय की नोडल शिक्षक मीना यादव ने मार्गदर्शन किया।

वायरलेस पावर ट्रांसमिशन माडल से शिवम ने पाया था पहला स्थान

उच्च प्राथमिक विद्यालय मिलक निब्बी सिंह, विकासखंड चमरौआ के छात्र शिवम ने राष्ट्रीय आविष्कार अभियान 2023 में अपनी प्रतिभा दिखाई थी।

14RPM_M_17_14112026_341

उसने महान वैज्ञानिक निकोला टेस्ला के वायरलेस पावर ट्रांसमिशन सिद्धांत पर आधारित मॉडल तैयार किया था। इस मॉडल के जरिये बिना तारों के विद्युत ऊर्जा के संचार की अवधारणा को प्रदर्शित किया गया।

जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में शिवम के मॉडल को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ था। कम उम्र में वैज्ञानिक सिद्धांत को समझकर उसे मॉडल के रूप में प्रस्तुत करना उसकी रचनात्मक सोच का परिचायक बना।

कूड़े-कचरे से बिजली बनाई, इंस्पायर अवार्ड में भी चयन

इसी विद्यालय के छात्र अभिषेक ने राष्ट्रीय आविष्कार अभियान 2024-25 में वेस्ट मटीरियल यानी कूड़े-कचरे से विद्युत उत्पादन और धुआं नियंत्रण पर आधारित लाइव वर्किंग मॉडल तैयार किया था। इस मॉडल को जनपद में द्वितीय स्थान मिला।

14RPM_M_17_14112026_341

इसके लिए उसे टैबलेट और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। अभिषेक की प्रतिभा को एक और पहचान मिली, जब भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की इंस्पायर अवार्ड योजना 2024-25 के लिए उसका चयन हुआ।

उसने मिल्क बाइलिंग अलार्म डिवाइस का विचार प्रस्तुत किया। इस डिवाइस का उद्देश्य दूध उबलने पर अलार्म के जरिये संकेत देना है, जिससे दूध बर्तन से बाहर गिरने से बचाया जा सके। विद्यालय में इससे पहले एक छात्रा का भी इंस्पायर अवार्ड के लिए चयन हो चुका है।

मिट्टी के बिना खेती का माडल बनाकर मनप्रीत ने रचा था इतिहास

उच्च प्राथमिक विद्यालय लोहा कंपोजिट, विकासखंड मिलक के छात्र मनप्रीत ने राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत आयोजित जनपद स्तरीय विज्ञान माडल प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया था।

14RPM_M_15_14112026_341

माडल मोंटेसरी स्कूल में आयोजित प्रतियोगिता में जिले के चयनित 100 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था। कक्षा आठ के छात्र मनप्रीत ने विज्ञान शिक्षिका उर्वशी सिंह के मार्गदर्शन में हाइड्रोपोनिक खेती यानी बिना मिट्टी के पौधे उगाने की तकनीक पर आधारित माडल तैयार किया था।

इसमें पोषक तत्वों से युक्त पानी के माध्यम से पौधों को विकसित करने की प्रक्रिया प्रदर्शित की गई। उसकी वैज्ञानिक सोच और रचनात्मकता से प्रभावित होकर उसे टैबलेट देकर सम्मानित किया गया था।

यह भी पढ़ें- '7 जवानों की शहादत का बदला लिया, अब दूसरों की बारी...' रामपुर हत्याकांड पर इस पोस्ट ने मचाई खलबली; झारखंड रवाना होगी पुलिस

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।