असली 'मिनी कोलकाता' बन रहा यूपी का यह जिला, 5 राज्यों में सप्लाई हो रहा मछली का बीज; 3800 से ज्यादा को मिला रोजगार
रामपुर में मत्स्य पालन किसानों की आय और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा दे रहा है, जिससे 3800 से अधिक लोगों को रोजगार मिला है। यह जिला अब मछली बीज उत्पादन के लिए 'मिनी कोलकाता' के रूप में पहचान बना रहा है, जिसकी आपूर्ति पांच राज्यों में की जा रही है।

ग्राम ककरौआ में प्रधानमंत्री योजना के तहत किया गया मत्स्य पालन। स्रोत. इंटरनेट मीडिया
HighLights
पंजाब, हरियाणा, राजस्थान व उत्तराखंड तक की जा रही मछली के बीज की आपूर्ति
जागरण संवाददाता, रामपुर। जिले में तालाब अब केवल पानी जमा करने का माध्यम नहीं रह गए हैं, बल्कि किसानों की आमदनी बढ़ाने और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन का जरिया बन रहे हैं। खेती के साथ मछली पालन को अपनाकर किसान अपनी आय के नए रास्ते खोल रहे हैं। रोहू, कतला, ग्रास कार्प और पंगास जैसी मछलियों का पालन जिले में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा दे रहा है। यही वजह है कि मत्स्य पालन के प्रति किसानों का रुझान लगातार बढ़ रहा है।
शनिवार को विश्व मत्स्य दिवस है। इस मौके पर क्षेत्र में रोजगार और आर्थिक संभावनाओं को लेकर रामपुर की चर्चा होती है। धनौरा ग्राम के किसान रघुबीर सिंह ने बताया कि उनका गांव ऐसा बन गया, जहां अधिकांश किसान मछली पालन से जुड़ गए हैं।
दूसरी फसलों से मुंह फेर लिया है। वहीं मत्स्य क्षेत्र से जुड़ने वाले किसान की संख्या बढ़ रही। वहीं मछली का उत्पादन बढ़ रहा है। विभाग के अनुसार जिले में वर्तमान में 2196 किसान मत्स्य पालन से जुड़े हुए हैं।
इनके माध्यम से कुल 925 तालाबों में मछली पालन किया जा रहा है। इनमें 419 तालाब ग्राम समाज के हैं, जबकि शेष निजी तालाबों में मछली उत्पादन हो रहा है।
जिले में सालाना मछली उत्पादन 7282 टन तक पहुंच गया है। यह आंकड़ा बताता है कि मत्स्य पालन अब जिले में छोटे स्तर के पारंपरिक व्यवसाय से आगे बढ़कर ग्रामीण आजीविका का महत्वपूर्ण हिस्सा बन रहा है।
खास बात यह है कि जिले की पहचान मछली उत्पादन के साथ बेहतर मछली बीज उत्पादन के लिए भी बनने लगी है। अच्छी गुणवत्ता के मछली बीज की उपलब्धता के चलते जिले को मिनी कोलकाता के नाम से भी पहचाना जाने लगा है।
मछली पालन के लिए गुणवत्तापूर्ण बीज बेहद जरूरी होता है। इससे उत्पादन की क्षमता और किसानों को मिलने वाले आर्थिक लाभ पर सीधा असर पड़ता है।
मत्स्य पालन की खासियत यह है कि किसान उपलब्ध तालाबों का उपयोग कर खेती के साथ इसे अतिरिक्त व्यवसाय के रूप में अपना सकते हैं। इससे जमीन और जल संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल होता है।
वहीं मछली के बीज, दाना, रखरखाव, परिवहन और बिक्री से जुड़े कार्यों में भी रोजगार की संभावनाएं पैदा होती हैं। युवाओं के साथ महिलाएं भी इस क्षेत्र में अपनी भागीदारी बढ़ा सकती हैं।
रामपुर में तैयार मछली का बीज इन राज्यों में होता सप्लाई
दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान उत्तराखंड तक रामपुर में तैयार मछली का बीज भेजा जाता है। यहां पंगेसियस, रोहू, कतला, नैन, ग्रास कार्प मछली का बीज सप्लाई होता।
जिले में मत्स्य पालन की तरफ किसानों का रुझान लगातार बढ़ रहा है। सरकार की योजनाओं का लाभ उठाते हुए जिले के किसान न सिर्फ तालाबों पर मछली पालन कर रहे हैं बल्कि मछली बीज उत्पादन भी कर रहे हैं। जिले से मछली दूसरे क्षेत्रों को भी भेजी जाती है। मछली पालन कर क्षेत्र के किसान आर्थिक उत्थान कर रहे हैं।
- प्रशांत गंगवार, सहायक निदेशक, मत्स्य पालन।
यह भी पढ़ें- Rampur ATS Action: पाकिस्तानी गैंगस्टर से लेकर ISI तक... पहले भी कई बार एटीएस के रडार पर आ चुके हैं रामपुर के युवा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।