विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रिटायर्ड कर्मचारी से ही मांग बैठा घूस, जेब में 20 हजार रखते ही बाबू को एंटी करप्शन टीम ने दबोचा

Published: Thu, 26 Nov 2026 04:52 PM (IST)

रामपुर में एंटी करप्शन टीम ने गन्ना विभाग के बाबू अजय कुमार सागर को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। बाबू ने एक सेवानिवृत्त कर्मचारी के एरियर और ग्रेच्युटी का पैसा निकलवाने के बदले रिश्वत की मांग की थी।

आरोपित बाबू अजय कुमार।

आरोपित बाबू अजय कुमार।

जागरण संवाददाता, रामपुर। मुरादाबाद से आई एंटी करप्शन (भ्रष्टाचार निवारण संगठन) टीम ने 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते गन्ना विभाग के बाबू अजय कुमार सागर को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि बाबू ने अपने ही विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारी के एरियर और ग्रेच्युटी का पैसा निकलवाने के बदले रिश्वत की मांग की थी। टीम बाबू को अपने साथ ले गई है।

सेवानिवृत्त कर्मचारी रामवीर सिंह हापुड़ जिले के गढ़ रोड स्थित मुहल्ला प्रहलाद नगर नई मंडी के रहने वाले हैं। वह 31 जुलाई 2025 को रामपुर में गन्ना पर्यवेक्षक के पद से सेवानिवृत्त हुए थे।

सेवानिवृत्ति के बाद अपने एरियर और ग्रेच्युटी की धनराशि निकलवाने के लिए वह काफी समय से चक्कर लगा रहे थे। आरोप है कि गन्ना समिति का कनिष्ठ सहायक प्रभारी अजय कुमार सागर उनसे धनराशि दिलाने के बदले 20 हजार रुपये की रिश्वत की मांग कर रहा था।

उन्होंने बाबू के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संगठन मुरादाबाद में शिकायत की। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए गुरुवार को अपराह्न करीब एक बजे एंटी करप्शन के निरीक्षक मोहम्मद इश्तियाक टीम के साथ रामपुर पहुंचे।

उन्होंने शिकायतकर्ता 500 रुपये के 40 नोट देकर बाबू के पास भेजा। नोटों पर केमिकल लगा था। बाबू अपनी कुर्सी पर बैठा था। उसने जैसे ही रिश्वत के रुपये लेकर जेब में रखे, तब ही एंटी करप्शन टीम वहां पहुंच गई और उसे पकड़ लिया।

हाथ धुलवाने पर नोटों पर लगा केमिकल आरोपित बाबू के हाथ पर आ गया, जिसकी टीम ने वीडियोग्राफी भी कराई। आरोपित बाबू दो जनवरी 2006 में गन्ना विभाग में नियुक्त हुआ था और 2034 तक उसकी नौकरी बाकी है।

उसे पकड़कर एंटी करप्शन टीम सिविल लाइंस कोतवाली ले आई। प्रभारी निरीक्षक मोहम्मद इश्तियाक ने उसके खिलाफ अभियोग पंजीकृत कराने के बाद टीम उसे साथ ले गई।

यह भी पढ़ें- 'रामपुर वालों को हैदराबादी बिरयानी पसंद नहीं...', ओवैसी पर तंज कसने वाले आजम खां कैसे बदलेंगे UP की 20 सीटों का समीकरण?

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।