दर्दनाक हादसा: घर के बाहर खेल रहीं दो सगी बहनों पर काल बनकर टूटा बुलडोजर, बड़ी की मौत; छोटी लड़ रही जिंदगी की जंग
बिलासपुर के हामिदाबाद गांव में नहर सफाई के दौरान बैकहो लोडर की चपेट में आने से दो सगी बहनें गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे में 13 वर्षीय महक की मौत हो गई, जबकि 9 वर्षीय रहमत की हालत नाजुक बनी हुई है।

बिलासपुर में हादसे के बाद मौके पर खड़ी जेसीबी और मौजूद ग्रामीण। जागरण
HighLights
नौ वर्षीय रहमत की हालत गंभीर, गांव हामिदाबाद में नहर की सफाई के दौरान हुआ हादसा
संवाद सहयोगी, बिलासपुर (रामपुर)। घर के सामने खेल रही दो सगी बहनें बैकहो लोडर (बुलडोजर) के पिछले पंजे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे में 13 वर्षीय बड़ी बहन महक की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि नौ वर्षीय रहमत की हालत नाजुक बनी हुई है। उसे हायर सेंटर में भर्ती कराया गया है।
हादसा सोमवार देर शाम गांव हामिदाबाद में नहर की सफाई के दौरान हुआ। गांव निवासी सईद अहमद मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। सोमवार शाम उनकी दोनों बेटियां महक और रहमत घर के सामने खेल रही थीं।
इसी दौरान घर के सामने से गुजर रही नहर में बैकहो लोडर से सफाई कार्य कराया जा रहा था। सिंचाई विभाग से ठेका लेकर एक ठेकेदार नहर की सफाई करवा रहा था। खेलते-खेलते दोनों बच्चियां बैकहो लोडर के पीछे पहुंच गईं और अचानक पिछले पंजे की चपेट में आकर उसके नीचे दब गईं।
बच्चियों की चीख सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण और स्वजन मौके पर दौड़े। ग्रामीणों ने किसी तरह दोनों को मशीन के पंजे से बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर हालत देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
उपचार के दौरान महक ने दम तोड़ दिया, जबकि रहमत जिंदगी के लिए संघर्ष कर रही है। बेटी की मौत की खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है। घर में जहां कुछ देर पहले दोनों बच्चियों की खेल-कूद की आवाजें गूंज रही थीं, वहां अब मातम पसरा है।
हादसे के बाद नहर की सफाई के दौरान सुरक्षा इंतजामों और मशीन के आसपास निगरानी को लेकर सवाल उठने लगे। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जीत सिंह ने बताया कि मृतका के स्वजन की ओर से अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
घर के सामने मौत बनकर दौड़ रही थी मशीन
जिस नहर की सफाई से क्षेत्र में व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद थी, उसी कार्य के दौरान दो मासूम बहनों की जिंदगी हादसे की भेंट चढ़ गई। घर के सामने खेल रही बच्चियां कब मशीन के पिछले पंजे की चपेट में आ गईं, किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
ग्रामीणों ने दौड़कर दोनों को बाहर निकाला, लेकिन बड़ी बहन महक को बचाया नहीं जा सका। हादसे ने नहर सफाई कार्य के दौरान मशीनों के आसपास सुरक्षा घेरा, चेतावनी और बच्चों की आवाजाही रोकने जैसे इंतजामों की जरूरत को उजागर कर दिया।
जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा
नहर की सफाई सिंचाई विभाग के ठेके पर कराई जा रही थी। हादसे के बाद जिम्मेदारी और सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। उपखंड अधिकारी नंदलाल आर्य ने बताया कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं है, जांच कराकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।