विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

8 की जगह 12 घंटे ड्यूटी और छुट्टी भी गायब! स्टाफ की कमी से जूझ रहे रेलकर्मी, सुरक्षा पर भी सवाल

Published: Thu, 26 Nov 2026 11:16 PM (GMT+05:30)

रेलवे में स्टाफ की कमी के कारण कर्मचारियों को 8 की जगह 12 घंटे ड्यूटी करनी पड़ रही है, जिससे उन पर काम का दबाव बढ़ गया है। विभिन्न विभागों में पद खाली होने और आउटसोर्सिंग के विरोध में यूनियनें नई भर्ती की मांग कर रही हैं।

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. स्टेशन मास्टर से लेकर टीआरडी, इंजीनियरिंग, एस एंड टी आदि विभागों में स्टाफ पूरा नहीं

जागरण संवाददाता, रामपुर। रेलवे में कर्मचारियों की कमी का असर अब कार्यरत स्टाफ की ड्यूटी और आराम पर भी पड़ने लगा है। कई विभागों में कर्मचारियों की कमी के चलते रेलकर्मियों को आठ के बजाय 12 घंटे ड्यूटी करनी पड़ रही है। साप्ताहिक अवकाश में भी काम करना पड़ रहा है।

रेलवे की ओर से नई भर्ती करने के बजाय आउटसोर्सिंग से स्टाफ रखा जा रहा है, जिसका रेलवे कर्मचारी यूनियन विरोध जता रहे हैं और कई बार आंदोलन कर चुके हैं।

रेलवे में कामकाज सुचारू चलाने के लिए कई विभाग मिलकर काम करते हैं। इनमें आपरेटिंग, टीआरडी (क्रषण वितरण) एस एंड टी (सिग्नल एंड टेलीकाम), इंजीनियरिंग आदि विभाग शामिल हैं।

इन विभागों में पुराने पदों को सरेंडर किया जा रहा है। नई भर्ती नहीं की जा रही है। सरकार द्वारा इन पदों को भरने के बजाय आउट सोर्सिंग ठेकेदारी प्रथा चलाई जा रही है। ठेकेदार की ओर से लेबर लगाकर काम लिया जा रहा है।

मुरादाबाद मंडल में कई विभागों में स्वीकृत पदों से ज्यादा पद खाली पड़े हैं। आपरेटिंग विभाग में स्टेशन मास्टर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी नई भर्ती नहीं की जा रही है।

इससे कार्यरत स्टेशन मास्टर पर अधिक वर्कलोड हो गया है। उन्हें 12-12 घंटे ड्यूटी करनी पड़ रही है। साप्ताहिक अवकाश न मिलने पर उन्हें आराम नहीं मिल पा रहा है।

रामपुर में भी स्टेशन मास्टर के आठ पद हैं। वर्तमान में दो पद रिक्त चल रहे हैं। स्टाफ की कमी के चलते रेलवे में भी निजीकरण पर जोर दिया जा रहा है। इसकी शुरुआत पूछताछ केंद्र से कर दी गई है।

वर्तमान में स्टेशन पर पूछताछ केंद्र की जिम्मेदारी निजी कंपनी को दे दी गई है। यहां निजी कंपनी का स्टाफ ड्यूटी कर रहा है। स्टेशन अधीक्षक मोहम्मद आजम ने बताया कि रामपुर समेत कुछ अन्य स्टेशनों पर भी पूछताछ केंद्र निजी कंपनी को दे दिया गया है।

'महत्वपूर्ण कार्यों को निजी कंपनियों को सौंपना उचित नहीं'

एनआरएमयू के शाखा अध्यक्ष रविंद्र भंडारी ने बताया कि रेलवे देश की जीवन रेखा है और महत्वपूर्ण सार्वजनिक संपत्ति है। सरकार यहां भी निजीकरण और आउटसोर्सिंग को बढ़ावा दे रही है। रेलवे के महत्वपूर्ण कार्यों को आउटसोर्सिंग से निजी कंपनियों को सौंपना उचित नहीं है।

रेलवे के नियमित कार्यों को नियमित कर्मचारी से ही कराया जाना चाहिए। सरकार को चाहिए कि आउटसोर्सिंग के बजाय नई भर्ती निकाले। इसे लेकर हमारा संगठन नार्दर्न रेलवे मेन्स यूनियन (एनआरएमयू) लगातार आवाज उठा रहा है।

'रेलवे में स्टेशन मास्टर जैसे महतवपूर्ण पदों को नहीं भरा जा रहा'

एनआरएमयू के शाखा मंत्री राज किशोर ने बताया कि यह दुर्भाग्य है कि रेलवे में स्टेशन मास्टर जैसे महत्वपूर्ण पदों को भी नहीं भरा जा रहा है। यह पद रेलवे संरक्षा एवं सुरक्षा से जुड़ा है। इनकी कमी से कार्यरत स्टेशन मास्टरों को अधिक काम करना पड़ रहा है।

उनको रेस्ट नहीं मिल रहा। संगठन रेलवे के निजीकरण के विरोध में है। संगठन के महामंत्री शिव गोपाल मिश्रा लगातार स्टाफ की कमी दूर करने के लिए रेलवे बोर्ड को पत्र लिख रहे हैं। संगठन की ओर से कर्मचारियों की कमी को पूरा करने के लिए लगातार संघर्ष किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- 'रामपुर वालों को हैदराबादी बिरयानी पसंद नहीं...', ओवैसी पर तंज कसने वाले आजम खां कैसे बदलेंगे UP की 20 सीटों का समीकरण?

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।