विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीपावली-छठ पूजा: यूपी में 10 दिन नहीं होगी बिजली कटौती, मिलेगी 24 घंटे आपूर्ति

Published: Sat, 07 Nov 2026 11:01 AM (IST)

दीपावली और छठ पूजा के त्योहारों के मद्देनजर रामपुर में बिजली विभाग ने 10 दिनों तक निर्बाध 24 घंटे बिजली ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

HighLights

  1. रामपुर में दीपावली-छठ पूजा पर निर्बाध बिजली आपूर्ति।

  2. अगले 10 दिनों तक बिजली कटौती पर पूर्ण प्रतिबंध।

  3. शहरी-ग्रामीण क्षेत्रों में 24 घंटे बिजली मिलेगी।

जागरण संवाददाता, रामपुर। दीपावली के त्योहार पर बिजली उपभोक्ताओं को कटौती का सामना नहीं करना पड़ेगा। चूंकि निर्बाध आपूर्ति देने के लिए बिजली विभाग ने विशेष व्यवस्था की है। त्योहार के मद्देनजर जिले में अगले 10 दिनों तक बिजली लाइनों और उपकेंद्रों पर अनुरक्षण कार्य व बिजनेस प्लान के कार्यों समेत सामान्य शटडाउन लेने पर पाबंदी लगा दी गई है।

इस दौरान जिलेभर के उपभोक्ताओं को 24 घंटे बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि किसी तकनीकी खराबी या अन्य बेहद जरूरी काम के लिए शटडाउन लेना आवश्यक हुआ तो इसके लिए संबंधित डिवीजन के अधिशासी अभियंता से अनुमति लेनी होगी। यह व्यवस्था 16 नवंबर तक के लिए की गई है।

सिर्फ अति आवश्यक होने पर ही अधिशासी अभियंता की अनुमति से मिलेगा शटडाउन

अधीक्षण अभियंता सतेंद्र कुमार सिंह ने इस संबंध में विभाग के सभी अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान बिजली आपूर्ति में किसी तरह की बाधा नहीं आनी चाहिए। छह को धनतेरस, सात को छोटी दीपावली, आठ को दीपावली, 10 को गोवर्धन पूजा, 13 को गणपति व्रत व 15 को छठ पूजा को देखते हुए सामान्य मरम्मत, लाइन सुधार और अन्य ऐसे कार्य, जिनके लिए बिजली बंद करनी पड़ती है, उन्हें फिलहाल टालने के निर्देश दिए गए हैं। केवल अपरिहार्य परिस्थितियों में ही निर्धारित प्रक्रिया के तहत शटडाउन दिया जा सकेगा।

बिजली विभाग के अधिकारियों को एसई ने दिए निर्देश

दरअसल, अभी तक 24 घंटे बिजली आपूर्ति का शेड्यूल मुख्य रूप से जिला मुख्यालय के लिए निर्धारित था। ग्रामीण क्षेत्रों और अन्य कस्बों के उपभोक्ताओं को इस व्यवस्था का पूरा लाभ नहीं मिल पाता था। दीपावली पर विभाग ने इस व्यवस्था का दायरा बढ़ाते हुए पूरे जिले में 24 घंटे बिजली आपूर्ति बनाए रखने का फैसला लिया है। इससे शहरी क्षेत्रों के साथ ग्रामीण इलाकों के उपभोक्ताओं को भी त्योहार के दौरान राहत मिलेगी। दीपावली पर राेशनी से शहरी क्षेत्र के साथ स्वार, टांडा, बिलासपुर, मिलक व शाहबाद तहसील क्षेत्र के ग्रामीण इलाके भी जगमग रहेंगे।

त्योहार के दौरान उपभोक्ताओं को बिजली कटौती का सामना नहीं करना पड़ेगा

दीपावली पर घरों की सजावट, रोशनी और बाजारों में बढ़ती गतिविधियों के बीच बिजली की मांग भी बढ़ जाती है। ऐसे में विभाग ने अधिकारियों और कर्मचारियों को आपूर्ति व्यवस्था पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए हैं। उपकेंद्रों पर तकनीकी स्टाफ की टीमें सक्रिय रखने को कहा है ताकि ट्रांसफार्मर, बिजली लाइन और उपकेंद्रों से जुड़ी समस्याओं का तत्काल समाधान कराया जा सके। इससे त्योहार के दौरान उपभोक्ताओं को बिजली कटौती का सामना नहीं करना पड़ेगा।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में छोटी दीपावली पर बिजली का संकट, एक ट्रक की टक्कर और गुल हो गई 25 हजार घरों की बत्ती

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।