यूपी के इन 76 पीएमश्री स्कूलों में उगेंगी सब्जियाँ और औषधीय पौधे, बच्चों को मिलेंगे ₹20,000; पढ़ें पूरा प्लान
मुरादाबाद मंडल के 76 पीएमश्री विद्यालयों में वेजिटेबल और हर्बल गार्डन विकसित किए जाएंगे, जिससे बच्चों को प्रकृति, पोषण और ...और पढ़ें

उच्च प्राथमिक विद्यालय नानकार में बना किचन गार्डन स्रोत शिक्षक
HighLights
सब्जियों और औषधीय पौधों से समझेंगे पोषण का महत्व
विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण की विकसित होगी आदत
संवाद सहयोगी, रामपुर। पीएमश्री योजना के तहत मुरादाबाद मंडल के 76 विद्यालयों में वेजिटेबल और हर्बल गार्डन विकसित किए जाएंगे। प्रत्येक विद्यालय को इसके लिए 20 हजार रुपये मिलेंगे। कुल 15.20 लाख रुपये से तैयार होने वाले इन गार्डन का उद्देश्य बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ प्रकृति, पोषण, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का व्यावहारिक अनुभव देना है।
विभाग का मानना है इस पहल का असर कक्षा शिक्षण को व्यावहारिक बनाने में भी दिख सकता है। शिक्षक पौधों के उदाहरण से पोषण, वनस्पति और पर्यावरण जैसे विषयों को समझा सकेंगे।

विद्यालयों में उगाई गई सब्जियों के मध्याह्न भोजन में उपयोग की संभावना भी स्थानीय व्यवस्था और उत्पादन पर निर्भर करेगी। कम जगह वाले स्कूलों में वर्टिकल पाट, बोतल गार्डन और रेज्ड बेड जैसे विकल्प अपनाए जा सकेंगे।
गार्डन में तुलसी, गिलोय, एलोवेरा, नीम, आंवला, हल्दी, अदरक, पालक और मेथी और अन्य हरी और पत्तेदार सब्ज़ियों के पौधे लगाए जाएंगे। इनके माध्यम से बच्चे पौधों की पहचान, वृद्धि और देखभाल के साथ संतुलित आहार का महत्व समझेंगे।
पौधों को उगाने और उनकी नियमित देखभाल में भागीदारी से विद्यार्थियों में जिम्मेदारी, श्रम के प्रति सम्मान और हरियाली के संरक्षण की आदत विकसित करने का अवसर मिलेगा।
पीएमश्री विद्यालयों में किचन और हर्बल गार्डन विकसित करने का उद्देश्य बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक शिक्षा देना है। पौधों को उगाने और उनकी देखभाल करने से विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति लगाव बढ़ेगा। साथ ही, उन्हें पौष्टिक आहार, औषधीय वनस्पतियों और पर्यावरण संरक्षण का महत्व समझने का अवसर मिलेगा। सभी चयनित विद्यालयों में इस पहल को प्रभावी ढंग से लागू कराने का प्रयास किया जाएगा।
- कल्पना देवी, बीएसए, रामपुर
यह भी पढ़ें- पीएम किसान की 24वीं किस्त जारी: रामपुर के 2.43 लाख किसानों के खाते में आए 2-2 हजार रुपये, चेहरे खिले