शरीफ हत्याकांड में नया मोड़: 5 दिन बाद भी खाली हाथ पुलिस, अब परिवार ने थाना प्रभारी पर लगाए गंभीर आरोप
रामपुर में मोहम्मद शरीफ हत्याकांड की गुत्थी पांच दिन बाद भी नहीं सुलझी है, पुलिस हत्यारों और उनकी बाइक का ...और पढ़ें

मृतक आरोपित मोहम्मद शरीफ की फाइल फोटो
HighLights
रेलवे स्टेशनों की पार्किंग भी खंगाल रही टीमें, शूटरों की बाइक तलाशने उत्तराखंड तक पहुंची पुलिस
जागरण संवाददाता, रामपुर। सीआरपीएफ ग्रुप कैंप पर आतंकी हमले के मामले में आरोपित रहे मोहम्मद शरीफ की हत्या की गुत्थी सुलझती नजर नहीं आ रही है। पांच दिन बाद भी पुलिस हत्यारोपितों की सही लोकेशन तक नहीं तलाश पाई है। हालांकि बरेली के बाद अब उत्तराखंड तक पुलिस पहुंच चुकी है। लेकिन कोई ठोस सबूत नहीं मिलने से पुलिस की छह टीमें सिर्फ अंधेरे में तीर चला रही हैं। हत्यारोपितों तक पहुंचना अब चुनौती बनता जा रहा है।
पुलिस का दावा है कि जिन रास्तों से होकर शूटरों के भागने का अंदेशा है, उन पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। एक कैमरे में बाइक नजर आ रही है, लेकिन कैमरा दूर लगा होने के कारण बाइक सवार स्पष्ट नहीं दिख रहे। बाइक पर नंबरप्लेट भी नहीं लगी है।
पुलिस को अंदेशा है कि शूटर रूद्रपुर (उत्तराखंड) होते हुए नेपाल भाग गए हैं। वे अपनी बाइक कहीं पार्किंग में छोड़कर जा सकते हैं। इसके लिए पुलिस बिलासपुर, रुद्रपुर आदि रेलवे स्टेशनों की पार्किंग व अन्य संभावित स्थानों पर बाइक खोज रही है।
खजुरिया के बदनपुरी गांव के मोहम्मद शरीफ को स्थानीय अदालत ने आतंकी हमले के मुकदमे में वर्ष 2019 में फांसी की सजा सुनाई गई थी। हालांकि एक साल पहले हाई कोर्ट ने फांसी की सजा को रद कर दिया था।
रिहा होने पर जेल से छूटने के बाद वह अपने गांव में परिवार के साथ रह रहे थे। 10 नवंबर को वह अपने बेटे अबू वाइज के साथ थाने में हाजिरी लगाकर लौट रहे थे। इस बीच बाइक सवार दो बदमाशों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी थी।
तभी से हत्यारोपितों की धरपकड़ के लिए पुलिस की छह टीमें लगी हैं। इनमें दो टीमें खजुरिया थाने और दो टीमें बिलासपुर कोतवाली की हैं, जबकि एक टीम एसओजी और एक टीम सर्विलांस सेल की है।
अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि सभी टीमें हत्यारोपितों की तलाश कर रही हैं। शूटर जिस बाइक से आए थे, उसे तलाश किया जा रहा है। इसके लिए रेलवे स्टेशन व अन्य पार्किंग स्थलों पर देखा जा रहा है।
थानाध्यक्ष और कांस्टेबल पर कार्रवाई की मांग
शरीफ की हत्या को लेकर स्वजन शुरू से पुलिस को कठघरे में खड़ा कर रहे हैं। अब स्वजन ने अपर पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर खजुरिया थाना प्रभारी और सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मृतक के भाई शाहीन का कहना है कि हत्याकांड से पहले और घटना के दौरान पुलिस की भूमिका की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। संबंधित पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की जानी चाहिए।
इस मामले में केवल हत्यारोपितों की गिरफ्तारी ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि पुलिस की भूमिका की भी जांच जरूरी है। उन्होंने उच्च अधिकारियों से पूरे प्रकरण का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई कराने की मांग की है।
स्वजन का आरोप है कि घटना के दिन थाने के सिपाही बंटी ने कई बार फोन करके थाने आने का दबाव बनाया था। धमकी भी दी थी। थाने जाने पर न सिपाही मिला और न ही थानाध्यक्ष ने मुलाकात की। थाने से वापस आते समय बाइक सवार बदमाशों द्वारा हत्या कर दी गई। उधर, मृतक के घर पर शुक्रवार को भी लोग सांत्वना देने आते रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।