जौहर विवि में ₹85.81 करोड़ के सरकारी धन के दुरुपयोग पर ED की बड़ी कार्रवाई, आजम खान सहित पांच पर FIR
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने आजम खान और उनके जौहर ट्रस्ट सहित पांच फर्मों के खिलाफ अजीमनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज ...और पढ़ें

फाइल फोटो।
HighLights
ईडी ने आजम खान, जौहर ट्रस्ट समेत पांच पर FIR दर्ज की।
जौहर विवि में ₹85.81 करोड़ सरकारी धन के इस्तेमाल का आरोप।
ईडी ने आजम खान से जेल में आठ घंटे तक पूछताछ की।
जागरण संवाददाता, रामपुर। मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े मामले में जांच कर रही ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) ने आजम खान और उनके जौहर ट्रस्ट समेत पांच फर्मों के खिलाफ अजीमनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोप लगाया है कि विश्वविद्यालय परिसर में 85.81 करोड़ रुपये के कार्य सरकारी धन से कराए गए।
ईडी ने जिला मूल्यांकन अधिकारी की रिपोर्ट के हवाले से विश्व विद्यालय के निर्माण की लागत 494.46 करोड़ रुपये बताई है, जबकि ट्रस्ट के आयकर रिटर्न में वित्तीय वर्ष 2013-14 से 2024-25 तक 78.32 करोड़ रुपये का पूंजीगत व्यय दर्शाए जाने का उल्लेख किया है। एजेंसी के पत्र में करीब 416.14 करोड़ रुपये के अंतर का स्पष्टीकरण नहीं मिलने का दावा किया गया है।
ईडी ने सरकारी धन से विश्वविद्यालय परिसर में काम कराए जाने के आरोपों के तहत तीन मदों का उल्लेख किया है। एक ठेकेदार के बयान में सरकारी ठेकों से जुड़े 55.8 करोड़ रुपये की निर्माण सामग्री विश्वविद्यालय के लिए इस्तेमाल किए जाने की बात कही गई। इसके अलावा, भव्य पंडाल, छात्रावास और अस्पताल के लिए 23.41 करोड़ रुपये की सरकारी मंजूरी का जिक्र है।
यह भी कहा गया है कि विधायक/एमएलसी क्षेत्र विकास निधि से विश्वविद्यालय परिसर में 6.60 करोड़ रुपये के काम कराए गए। इन तीनों मदों को मिलाकर राशि 85.81 करोड़ रुपये बताई गई है।
ईडी ने आजम खान समेत पांच पर दर्ज कराई प्राथमिकी
पत्र में ट्रस्ट को मिले कुछ दान की प्रकृति पर भी सवाल उठाए गए हैं। इसमें एक कंपनी की ओर से 40 लाख रुपये दान दिए जाने और दो संस्थाओं से 6.235 करोड़ रुपये मिलने का उल्लेख है। ईडी का आरोप है कि ठेकों से लाभ पाने वालों के धन का हिस्सा ट्रस्ट को दान के रूप में दिया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने दी जानकारी
अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि ईडी की ओर से आज़म खान, मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट, एसएस एंड एस इंटरप्राइजेज, एस एस एसोसिएट व अन्य के ख़िलाफ सरकारी धन के गबन व धोखाधड़ी की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। मंगलवार को लखनऊ से आई ईडी की टीम ने जेल में आजम खान से आठ घंटे पूछताछ की थी। अभी भी ये टीम रामपुर के एक होटल में रुकी है।
