देव जागते ही रामपुर में 'वेडिंग धमाका', 500 से ज्यादा शादियों से जगमगाया शहर; जगह कम पड़ी तो गलियों में सजे मंडप
देवोत्थान एकादशी पर रामपुर में 500 से अधिक शादियां हुईं, जिससे शहर उत्सव के रंग में रंग गया। मैरिज हॉल भरे होने पर गलियों में भी मंडप सजे और बाजारों में करोड़ों का कारोबार हुआ, हालांकि यातायात प्रभावित रहा।

देवोत्थानी एकादशी पर तुलसी शालिग्राम की पूजा करते श्रद्धालु और खरीदारी करते लोग
HighLights
अबूझ मुहूर्त में मैरिज हाल से धर्मशालाओं तक आयोजन, घरों में गन्ने का मंडप सजाकर हुआ तुलसी-शालिग्राम विवाह
संवाद सहयोगी, रामपुर। शहर की सड़कों पर बैंड-बाजों की गूंज, आतिशबाजी से रोशन आसमान और नाचते-गाते बारातियों के काफिले...घरों के आंगन में गन्ने का मंडप सजाकर तुलसी-शालिग्राम विवाह की रस्में निभाती महिलाएं। शुक्रवार को देवोत्थान एकादशी पर रामपुर उत्सव के रंग में सराबोर नजर आया।
चार माह के चातुर्मास के बाद मांगलिक कार्यों का सिलसिला शुरू होते ही शहर में शहनाइयां गूंज उठीं। मैरिज हाल से लेकर गलियों-मोहल्लों तक विवाह समारोहों की धूम रही तो बाजारों में खरीदारी के लिए भी भीड़ उमड़ी।
कहीं बैंड-बाजों की धुन पर थिरकते बाराती तो कहीं आतिशबाजी से रोशन आसमान। घरों के आंगन में गन्ने का मंडप सजाकर मंगल गीत गाती महिलाएं।

शुक्रवार को देवोत्थान एकादशी पर शहर में आस्था और उत्सव का ऐसा ही संगम देखने को मिला। दिनभर धार्मिक अनुष्ठान हुए तो शाम से देर रात तक शादी समारोहों की धूम रही।
देवोत्थान एकादशी को विवाह के लिए अबूझ मुहूर्त माना जाता है। इसी के चलते शहर के मैरिज हॉल, बैंक्वेट हॉल, होटल और धर्मशालाएं पहले से बुक थीं। जगह नहीं मिलने पर कई परिवारों ने गलियों, मोहल्लों और सामुदायिक पार्कों में टेंट व पंडाल लगाकर शादी समारोह आयोजित किए।
शाम होते ही बैंड-बाजों, ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर नाचते बारातियों के काफिले सड़कों पर नजर आए। विवाह स्थलों पर देर रात तक मेहमानों के स्वागत और रस्मों का सिलसिला चलता रहा।
गन्ने के मंडप में हुआ तुलसी-शालिग्राम विवाह
देवोत्थान एकादशी पर श्रद्धालुओं ने घरों और मंदिरों में भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना की। धार्मिक मान्यता के अनुसार, आषाढ़ शुक्ल एकादशी से भगवान विष्णु योगनिद्रा में चले जाते हैं और कार्तिक शुक्ल एकादशी को जागते हैं।

इस दिन महिलाओं ने घरों के आंगन और छतों पर गन्ने का मंडप सजाया। रंगोली बनाकर दीप जलाए और मंगल गीतों के बीच तुलसी माता व शालिग्राम का विवाह कराया। पूजा में गन्ना, सिंघाड़ा, शकरकंद, आंवला और मौसमी फलों का भोग लगाया गया। कई श्रद्धालुओं ने उपवास रखकर दिनभर पूजा-अर्चना की।
बाजारों में उमड़ी भीड़, यातायात पर पड़ा असर
शादी के सीजन की शुरुआत और पूजा सामग्री की खरीदारी से मिस्टन गंज, राजद्वारा, ज्वालानगर और सिविल लाइंस के बाजारों में रौनक रही। सराफा, कपड़ा, फूल, मिठाई और पूजा सामग्री की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ उमड़ी।
गन्ने और फूलों की बिक्री भी बढ़ी। शाम को एक साथ कई बारातें निकलने से प्रमुख चौराहों और मार्गों पर यातायात प्रभावित रहा। कई स्थानों पर जाम की स्थिति बनी, जिसे संभालने में यातायात पुलिस को देर रात तक मशक्कत करनी पड़ी।
बाजारों पर बरसा धन, करोड़ों का कारोबार
देवोत्थान एकादशी और शादी के सीजन की शुरुआत से बाजारों में रौनक लौट आई। मिस्टन गंज, राजद्वारा और सिविल लाइंस में सुबह से देर शाम तक खरीदारों की भीड़ रही। गन्ना, सिंघाड़ा और फूलों की दुकानों पर विशेष चहल-पहल दिखी।
वैवाहिक खरीदारी से सराफा, कपड़ा, इलेक्ट्रॉनिक्स और मिठाई कारोबारियों के चेहरे भी खिले रहे। व्यापारियों के अनुसार, चार माह की सुस्ती के बाद अबूझ मुहूर्त पर शहर में करोड़ों रुपये का कारोबार हुआ।
रेंगते रहे वाहन, प्रमुख चौराहों पर जाम
एक साथ कई शादी समारोह और बारातें निकलने से शाम को शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। नैनीताल रोड, अजीतपुर, शाहबाद गेट और सिविल लाइंस क्षेत्र में बैंक्वेट हॉल के बाहर बारातियों की भीड़ और सड़क किनारे खड़े वाहनों से जाम लगा।
बैंड-बाजों के मुख्य मार्गों से गुजरने के दौरान वाहन रेंगते नजर आए। राहगीरों को वैकल्पिक रास्तों से निकलना पड़ा, जबकि यातायात पुलिस जाम खुलवाने में जुटी रही।
यह भी पढ़ें- Rampur ATS Action: पाकिस्तानी गैंगस्टर से लेकर ISI तक... पहले भी कई बार एटीएस के रडार पर आ चुके हैं रामपुर के युवा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।