Thalapathy Vijay के नाम पर बड़ा साइबर फ्रॉड! घर और आर्थिक मदद का लालच देकर ठग लिए 11 लाख रुपये
साइबर अपराधियों ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलापति विजय के नाम का इस्तेमाल कर दो लोगों से करीब 11 लाख रुपये की ठगी की। रामपुर में एक महिला को घर दिलाने के बहाने 10.90 लाख और बिलासपुर के एक व्यक्ति को आर्थिक मदद के नाम पर 8 हजार रुपये ठगे गए।

एआई इमेज
HighLights
सिविल लाइंस क्षेत्र में महिला को योजना के तहत घर दिलाने का दिया झांसा, 10.90 लाख ठगे
लाभ दिलाने के नाम पर बिलासपुर के व्यक्ति से आठ हजार ठगे, जांच में जुटी साइबर क्राइम थाना पुलिस
जागरण संवाददाता, रामपुर। साइबर अपराधी नए-नए तरीकों से ठगी कर रहे हैं। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय (थलापति विजय) के नाम का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। उनके नाम से फर्जी काल करके सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर जिले में ठगी के दो मामले सामने आ चुके हैं। इनमें एक पीड़ित बिलासपुर के हैं।
उनके वाट्सएप नंबर पर मैसेज आया था, जिसमें तमिलनाडु सरकार के मुख्यमंत्री थलापति विजय की ओर से गरीबों को आर्थिक मदद दिए जाने की लालच दिया गया। उन्होंने उस पर क्लिक किया तो एक फार्म खुल गया।
उन्हें फार्म भरकर आर्थिक लाभ लेने के लिए कहा गया। उन्होंने फार्म भर दिया। फार्म भरने के नाम पर उनसे पहले 1500 रुपये यूपीआइ करा लिए गए। इसके बाद उन्हें बताया गया कि दो लाख की आर्थिक मदद मिलेगी।
इसके लिए दो हजार रुपये और देने होंगे। उन्होंने लालच में आकर दो हजार रुपये भी भेज दिए। साइबर ठग ने फिर टीडीएस के नाम पर रुपये मांगे। इस तरह उनसे आठ हजार रुपये की ठगी कर ली गई।
दूसरा मामला सिविल लाइंस क्षेत्र के बाबादीप सिंह नगर की एक विधवा महिला से 10.90 लाख रुपये की ठगी की गई। महिला ने सिविल लाइंस कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसकी जांच अब साइबर क्राइम थाना पुलिस कर रही है।
महिला बुजुर्ग है और अकेली रहती है। करीब एक माह पहले उसके वाट्सएप नंबर पर अनजान नंबर से काल आई थी, जिसमें उसे तमिलनाडु मुख्यमंत्री योजना से घर देने का लालच दिया गया।
महिला झांसे में आ गई। काल करने वाले ने इसके बारे में किसी को न बताने के लिए भी कहा। फाइलों की औपचारिकता और टैक्स के नाम पर महिला से 10.90 लाख रुपये ठग लिए।
महिला ने यह रकम दो बार में एनईएफटी (नेशनल इलेक्ट्रानिक फंड्स ट्रांसफर) और जनसेवा केंद्र के माध्यम से साइबर ठग के बताए खाते में जमा की गई। इसके बाद वह नंबर बंद हो गया। तब महिला को ठगी का अहसास हुआ।
साइबर क्राइम थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि जांच चल रही है। महिला से ठगी रकम में से अब तक 2.39 लाख रुपये वापस दिलाए जा चुके हैं। शेष रकम भी वापस दिलाने के प्रयास चल रहे हैं।
उन्होंने बताया कि साइबर अपराधियों से बचने के लिए लालच में न आएं। अनजान लिंक पर क्लिक न करें। किसी के साथ ओटीपी और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें। अनजान व्यक्ति के बहकावे में आकर किसी तरह की जानकारी न दें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।