विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी-उत्तराखंड को जोड़ने वाली एक सदी पुरानी विरासत का अंत! शुरू हुआ ब्रिटिशकालीन लोहे के पुल को तोड़ने का काम

Published: Mon, 23 Nov 2026 04:38 PM (GMT+05:30)

नैनीताल हाइवे पर भाखड़ा डैम के पास अंग्रेजों के जमाने का 100 साल से अधिक पुराना पुल तोड़ा जा रहा है। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और लोगों की इसे धरोहर घोषित कर संरक्षित करने की मांग के बावजूद, इसकी जगह नया पुल बनेगा।

बिलासपुर में भाखड़ा नदी पर लोहे के पुल को तोड़ने का काम शुरू हुआ। जागरण

बिलासपुर में भाखड़ा नदी पर लोहे के पुल को तोड़ने का काम शुरू हुआ। जागरण 

HighLights

  1. भाखड़ा डैम के ऐतिहासिक पुल को धरोहर घोषित कर संरक्षित करने की उठी थी मांग

संवाद सहयोगी, बिलासपुर (रामपुर)। नैनीताल हाइवे पर भाखड़ा डैम के पास अंग्रेजों के शासनकाल में बना ऐतिहासिक लोहे का पुल आखिरकार नहीं बच पाया। इसे धरोहर घोषित कर संरक्षित करने के बजाय तोड़ने का काम शुरू कर दिया गया है। पुराने पुल की जगह नया पुल बनाया जाएगा।

100 वर्षों से अधिक समय तक इस पुल से लोगों का आवागमन होता रहा। क्षेत्र और उत्तराखंड के बीच आवाजाही में भी इसका महत्वपूर्ण योगदान था। समय के साथ पुल जर्जर हो गया और इसकी निर्धारित मियाद पूरी हो गई।

सुरक्षा के मद्देनजर इस पर पहले ही आवागमन बंद कर दिया गया था। इसके बाद पुराने पुल को हटाकर उसी स्थान पर नया पुल बनाने की योजना तैयार की गई। पुल तोड़े जाने की जानकारी के बाद इसे संरक्षित करने की मांग तेज हुई थी।

क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने इसके ऐतिहासिक महत्व का हवाला देते हुए इसे धरोहर के रूप में सुरक्षित रखने की पैरवी की थी। उनका कहना था कि इससे आने वाली पीढ़ियां भी क्षेत्र की पुरानी विरासत देख सकेंगी।

उन्होंने पुल को बचाते हुए नए पुल के निर्माण का रास्ता निकालने की गुहार लगाई थी। हालांकि इस मांग पर सहमति नहीं बन सकी और पुल को तोड़ने का काम शुरू हो गया। इसके हटने के साथ ही अंग्रेजों के दौर की इस ऐतिहासिक संरचना का अस्तित्व समाप्त हो जाएगा।

इस पुल का डिजाइन ब्रिटिशकालीन इंजीनियर हरकोर्ट बटलर ने तैयार किया था। सौ साल से अधिक पुराने पुल की बनावट और ऐतिहासिक पृष्ठभूमि इसे खास पहचान देती है।

ऐतिहासिक लोहे के पुल को धरोहर घोषित करने की मांग

इस ऐतिहासिक पुल को धरोहर घोषित करना बिलासपुर के लिए सम्मान की बात होगी। प्रदेश सरकार और विभाग को इस पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। - आसिम रजा, एडवोकेट

अंग्रेजों के जमाने का बना लोहे का पुल ब्रिटिशकाल की याद दिलाता है। आवागमन के साथ इसका ऐतिहासिक महत्व भी है। विभाग इसे न तोड़े और दूसरी जगह पुल बनाए। - विशाल शर्मा

 

लोहे के पुल को तोड़ने के बजाय दूसरे स्थान पर नया पुल बनाया जाना चाहिए। यह पुल ऐतिहासिक है और इसे धरोहर घोषित किया जाना चाहिए। - सपन अगवाल

यह भी पढ़ें- 'रामपुर वालों को हैदराबादी बिरयानी पसंद नहीं...', ओवैसी पर तंज कसने वाले आजम खां कैसे बदलेंगे UP की 20 सीटों का समीकरण?


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।