विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

7 साल बाद जेल से बाहर आया बरेली का युवक, पैसे की कमी से अटकी थी जमानत; अनुच्छेद 21 ने दिलाई राहत

Published: Wed, 25 Nov 2026 07:09 PM (IST)

बरेली का विनय शर्मा आर्थिक तंगी के कारण हत्या के आरोप में सात साल तक जेल में बंद रहा। संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत मिली मुफ्त कानूनी सहायता से उसे जमानत मिली और अब वह जेल से बाहर है।

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. पुलिस ने हत्या के मुकदमे में पकड़ा, मुठभेड़ में दिखाई थी गिरफ्तारी, जमानत कराने में आर्थिक तंगी बनी थी रोड़ा

जागरण संवाददाता, रामपुर। मुफ्त कानूनी सहायता हर नागरिक का मौलिक अधिकार है, जो अनुच्छेद 21 के तहत आता है। भारतीय संविधान के इस मौलिक अधिकार की ताकत ने जेल में बंद कई ऐसे बंदियों को आजाद कराया, जो निर्धनता के चलते अपनी जमानत तक नहीं करा पा रहे थे या मुकदमे की पैरवी नहीं कर पा रहे थे।

इनमें बरेली के विनय शर्मा को तो सात साल बाद जेल की सलाखों से आजादी मिली। वह मीरगंज क्षेत्र के जोनेर गांव के रहने वाले हैं। परिवार में मां जावित्री देवी और बड़ा भाई सत्यदेव शर्मा है। दोनों भाई मजदूरी करते थे।

मोबाइल फोन पर बातचीत में उन्होंने बताया कि वर्ष 2019 में वह मिलक में एक ढाबे पर काम करते थे। उन दिनों मिलक में पवन नाम के व्यक्ति की लाश तालाब में मिली थी। 21 सितंबर 2019 को रामपुर एसओजी मीरगंज उनके घर आई और पूछताछ करने के बहाने से साथ ले गई।

24 सितंबर 2019 को धान के खेत में मुठभेड़ में उन्हें गिरफ्तार करना दिखाया और हत्या के मुकदमे में आरोपित बनाकर जेल भेज दिया था। बाद में शस्त्र अधिनियम और गैंगस्टर के मुकदमे भी दर्ज कर दिए गए।

परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण वह जमानत तक नहीं करा सके। भाई ने प्रयास किया, लेकिन हत्या का मामला होने के कारण वकील माेटी फीस की मांग करते थे। किसी तरह इंतजाम किया, लेकिन स्थानीय अदालत से लेकर हाई कोर्ट ने जमानत खारिज कर दी।

थोड़ी बहुत जमापूंजी थी, जो इसमें खर्च हो गई। इसके बाद जमानत पर रिहा होने की आस भी छूट गई। सात साल बाद विधिक सेवा प्राधिकरण की मदद से उनका केस डिफेंस काउंसिल को सौंपा गया।

डिफेंस काउंसिल ने सभी मुकदमों में जमानत कराई और 19 जुलाई 2026 को वह जमानत पर रिहा हुए। अब वह गांव में खेती कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जेल में छह माह 10 साल काटने पड़े।

इस दौरान बहनों की शादी हुई। चाचा का निधन हो गया। पत्नी दो बच्चों को लेकर मायके चली गई। वह परिवार के किसी सुख-दुख में शामिल नहीं हो सके। जेल से निकलने की उम्मीद छूट चुकी थी, लेकिन निश्शुल्क अधिवक्ता की सुविधा मिलने के बाद जेल से आजादी मिली। अब चीफ डिफेंस काउंसिल द्वारा ही मुकदमे की पैरवी भी की जा रही है।

इस तरह मिलती है कानूनी मदद

चीफ लीगल एंड डिफेंस काउंसिल प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि काउंसिल से जुड़े अधिवक्ता समय-समय पर जेल जाकर बंदियों से मिलते हैं और पात्र विचाराधीन बंदियों की पहचान कर निश्शुल्क विधिक सहायता का आवेदन भरवाते हैं।

प्राधिकरण की ओर से बंदी के मुकदमे के लिए अधिवक्ता नियुक्त किया जाता है। अधिवक्ता बंदी की ओर से जमानत याचिका, अपील, पैरोल या अन्य आवश्यक आवेदन तैयार करते हैं और न्यायालय में पैरवी करते हैं। चीफ लीगल डिफेंस द्वारा दो साल में जेल में बंद 305 बंदियों को आजाद कराया जा चुका है। ये सभी अपने मुकदमों की पैरवी करने में असमर्थ थे।

अनुच्छेद 21 बना गरीब बंदियों के लिए ढाल

डिप्टी चीफ डिफेंस काउंसिल हेमंत जोशी ने बताया कि यदि कोई विचाराधीन कैदी किसी अपराध की अधिकतम सजा का एक बड़ा हिस्सा जेल में काट चुका है और उसका मुकदमा अभी भी चल रहा है तो उसे जमानत पर रिहा होने का कानूनी अधिकार मिल जाता है।

जब सामान्य कानून जमानत के रास्ते बंद कर देते हैं, तब भारतीय संविधान का अनुच्छेद 21 एक ढाल बनकर खड़ा होता है और यह सुनिश्चित करता है कि बिना दोष सिद्ध हुए किसी की भी आजादी लंबे समय तक न छीनी जाए। चीफ डिफेंस काउंसिल द्वारा ऐसे बंदियों को जमानत पर रिहा कराया जा रहा है। उनके मुकदमों की पैरवी कर उन्हें दोषमुक्त भी कराया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- 'रामपुर वालों को हैदराबादी बिरयानी पसंद नहीं...', ओवैसी पर तंज कसने वाले आजम खां कैसे बदलेंगे UP की 20 सीटों का समीकरण?

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।