आजम खां ने जौहर यूनिवर्सिटी में छात्र-छात्राओं और स्टाफ से की मुलाकात, 1 घंटे तक बातचीत की
जेल से रिहा होने के बाद सपा नेता आजम खां ने गुरुवार रात जौहर यूनिवर्सिटी का दौरा किया, जहां उन्होंने स्टाफ और छात्र-छात्राओं से मुलाकात की।

जौहर विश्वविद्यालय में छात्र-छात्राओं से बात करते सपा नेता आजम खां। (तस्वीर- जागरण)
HighLights
आजम खां ने जेल से रिहा होकर जौहर यूनिवर्सिटी का दौरा किया।
उन्होंने यूनिवर्सिटी स्टाफ और छात्र-छात्राओं से मुलाकात कर जानकारी ली।
दिवंगत सहयोगी हक रामपुरी के परिवार से मिलकर सांत्वना भी दी।
जागरण संवाददाता, रामपुर। सपा नेता आजम खां जेल से रिहा होने के बाद गुरुवार रात जौहर यूनिवर्सिटी गए। वहां स्टाफ और हास्टल में रहने वाले छात्र-छात्राओं से मुलाकात की।
उनकी पढ़ाई के बारे में जानकारी की। स्टाफ से भी यूनिवर्सिटी के कामकाज को लेकर बात की।
आजम खां और उनके बेटे अब्दुल्ला को दो पैन कार्ड मामले में 17 नवंबर 2025 को एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट मजिस्ट्रेट ट्रायल से सात साल की सजा हुई थी, जिसे सेशन कोर्ट ने बढ़ाकर 10 साल कर दिया था। हाई कोर्ट से उन्हें जमानत मिलने पर 31 अक्टूबर को वह रामपुर जेल से रिहा हुए, लेकिन जेल से बाहर निकलते ही ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) की टीम ने उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग के पुराने मामले में गिरफ्तार कर लिया था।
टीम ने उन्हें गाजियाबाद कोर्ट में पेश किया था, जहां से उन्हें डासना जेल भेज दिया था। 17 नवंबर 2026 को उन्हें हाई कोर्ट ने इस मामले में भी अंतरिम जमानत दे दी थी, जिसके बाद 18 नवंबर काे डासना जेल से रिहा होकर अपने घर आ गए थे।
गुरुवार रात वह अपने बेटे अब्दुल्ला व कुछ समर्थकों के साथ जौहर यूनिवर्सिटी पहुंचे। यहां करीब एक घंटे तक रुके। इसके बाद अपने करीबी साथी रहे हक रामपुरी के घर मुहल्ला लाला मियां की गली भी गए।
हक रामपुरी का कुछ दिन पहले निधन हो गया था। आजम खां ने उनके स्वजन को सांत्वना दी। इस दौरान अनवार, सालिम, आमिर आदि साथ रहे।
यह भी पढ़ें- ओवैसी-चंद्रशेखर गठबंधन पर आजम खां का तंज, कहा- 'हमारे यहां हैदराबादी बिरयानी पसंद नहीं की जाती'