विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

3 घंटे तक फूल-माला लेकर खड़े रहे समर्थक, आजम खां जेल से बाहर आए तो हो गया बड़ा 'खेल'

Published: Sun, 01 Nov 2026 11:16 AM (IST)

सपा नेता आजम खां के जेल से रिहा होते ही ईडी ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया, जिससे उनके समर्थकों में ...और पढ़ें

रामपुर जिला कारागार के बाहर और बढ़ी आज़म समर्थकों की भीड़।

रामपुर जिला कारागार के बाहर और बढ़ी आज़म समर्थकों की भीड़।

HighLights

  1. शाम तक रिहाई होने की चर्चा से समर्थकों में था उत्साह, मायूसी हाथ लगने पर लगाए नारे

जागरण संवाददाता, रामपुर। सपा नेता आजम खान की जेल से रिहाई और ईडी की गिरफ्तारी को लेकर उनके समर्थकों में मायूसी के साथ ही गुस्सा है। उन्हें आजम खान के बाहर आने की खुशी थी, जिसके लिए वे शाम चार बजे से जेल के बाहर जुटने लगे थे। जेल से रिहाई को लेकर उनके अधिवक्ता, समर्थक व पार्टी कार्यकर्ता सभी मुतमईन थे। पूरा यकीन था कि आजम खान जेल से बाहर आ जाएंगे।

यह यकीन तब और मजबूत हो गया, जब शाम पांच बजे से पहले सभी मुकदमों में रिहाई के परवाने जेल पहुंच गए। इसके साथ ही जेल के बाहर आजम समर्थकों की भीड़ बढ़ने लगी। इसके कारण जेल के बाहर सड़क पर जाम लग गया।

समर्थक फूल मालाएं लेकर पहुंचे थे। शाम 6.57 आजम खां और अब्दुल्ला जेल से बाहर निकले। बाहर आते ही ईडी के अधिकारियों ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। ईडी के अधिकारियों के साथ पैरा मिलिट्री फोर्स और स्थानीय पुलिस बल भी था।

अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह भी मौजूद थे। अधिकारियों ने आजम खान को कोई कागज पढ़ने को दिया और बताया कि उन्हें साथ चलना है। यह जानकारी होते ही समर्थकों में आक्रोश फैल गया।

वे ईडी की गाड़ी के सामने आ गए और ईडी हाय-हाय के नारे लगाए। पैरा मिलिट्री के जवानों ने उन्हें जबरन हटाया। इस दौरान मीडिया कर्मियों के साथ भी धक्का मुक्की हुई। ईडी आजम खान को अपने साथ ले गई। इस पर समर्थकों ने नाराजगी जताई।

रिहाई के लिए तीन दिन से भागदौड़ कर रहे आजम खान के अधिवक्ता नासिर सुल्तान ने ईडी द्वारा आजम खान को जेल के बाहर निकलते ही गिरफ्तार किए जाने पर कहा कि यह जुल्म और ज्यादती की इंतहा है। पराकाष्ठा है।

आजम खान एक शख्सियत हैं। विपक्षी दल के नेता हैं। सरकार उन्हें दबाने के लिए साजिश कर रही है। जेल से बाहर आते ही ईडी ने उन्हें पकड़ लिया। ईडी, पुलिस या प्रशासन की ओर से हमें इस कार्रवाई की कोई जानकारी नहीं दी गई है।

इस कार्रवाई को लेकर अभी हम कुछ नहीं बता सकते हैं। अभी सिर्फ इतना कह सकते हैं कि यह एक तरह की तानाशाही है। सपा जिलाध्यक्ष अजय सागर का कहना है कि ऐसा लग रहा है कि कानून खत्म हो गया है।

सरकार मनमर्जी चला रही है। तानाशाही कर रही है। बिना कोई नोटिस या जानकारी के अचानक ईडी आकर हमारे नेता को ले जाती है। इसका खामियाजा भाजपा को आने वाले चुनाव में भुगतना पड़ेगा।

यह भी पढ़ें- रामपुर जेल से रिहा होने से ठीक पहले ED ने आजम खान को किया गिरफ्तार, अब्दुल्ला जेल से बाहर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।