विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

416 करोड़ 'ब्लैक मनी' और 30% कमीशन! आजम खान और जौहर ट्रस्ट पर ईडी की शिकायत के बाद FIR दर्ज

Published: Wed, 14 Oct 2026 06:59 PM (IST)

ईडी ने आजम खान और जौहर ट्रस्ट के खिलाफ सरकारी धन के दुरुपयोग और 416 करोड़ रुपये की 'ब्लैक मनी' ...और पढ़ें

आजम खान और जौहर विश्वविद्यालय

आजम खान और जौहर विश्वविद्यालय

HighLights

  1. ईडी के उप निदेशक ने ईमेल से भेजी थी डीजीपी को शिकायत, अजीमनगर थाने में दर्ज हुई प्राथमिकी

जागरण संवाददाता, रामपुर। जौहर विश्वविद्यालय के निर्माण में सरकारी धन का दुरुपयोग करने के मामले में जांच कर रही ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) ने आजम खान और उनके जौहर ट्रस्ट समेत पांच फर्मों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।

आरोप है कि विश्वविद्यालय निर्माण पर खर्च हुए कुल बजट 494.46 करोड़ में 416.14 करोड़ रुपये का जौहर ट्रस्ट हिसाब नहीं दे पाया। इसे ब्लैक मनी माना जा रहा है। साथ ही निर्माण कार्य पर आजम खान ने अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर 85.81 करोड़ रुपये खर्च कर दिए।

ईडी लखनऊ के उप निदेशक पीयूष एस थार्स्ट ने 10 अक्टूबर को पुलिस महानिदेशक को ई-मेल पर शिकायत भेजकर प्राथमिकी दर्ज कराने का अनुरोध किया था। इसी शिकायत पर अजीमनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

आरोप है कि विश्वविद्यालय परिसर में 85.81 करोड़ रुपये के कार्य सरकारी धन से कराए गए हैं। ईडी ने जिला मूल्यांकन अधिकारी की रिपोर्ट के हवाले से विश्वविद्यालय के निर्माण की लागत 494.46 करोड़ रुपये बताई है।

जबकि ट्रस्ट के आयकर रिटर्न में वित्तीय वर्ष 2013-14 से 2024-25 तक 78.32 करोड़ रुपये का पूंजीगत व्यय दर्शाए जाने का उल्लेख किया है। ईडी ने करीब 416.14 करोड़ रुपये के अंतर का स्पष्टीकरण नहीं मिलने का दावा किया है।

ईडी ने सरकारी धन से विश्वविद्यालय परिसर में काम कराए जाने के आरोपों के तहत तीन मदों का उल्लेख किया है। एक ठेकेदार के बयान में सरकारी ठेकों से जुड़े 55.8 करोड़ रुपये की निर्माण सामग्री विश्वविद्यालय के लिए इस्तेमाल किए जाने की बात कही गई।

इसके अलावा, भव्य पंडाल, छात्रावास और अस्पताल के लिए 23.41 करोड़ रुपये की सरकारी मंजूरी का जिक्र है। यह भी कहा गया है कि विधायक/एमएलसी क्षेत्र विकास निधि से विश्वविद्यालय परिसर में 6.60 करोड़ रुपये के काम कराए गए।

इन तीनों मदों को मिलाकर राशि 85.81 करोड़ रुपये बताई गई है। ईडी ने अपनी जांच में ट्रस्ट को मिले कुछ दान की प्रकृति पर भी सवाल उठाए हैं।

इसमें एक कंपनी की ओर से 40 लाख रुपये दान दिए जाने और दो संस्थाओं से 6.235 करोड़ रुपये मिलने का उल्लेख है। ईडी का आरोप है कि ठेकों से लाभ पाने वालों के धन का हिस्सा ट्रस्ट को दान के रूप में दिया गया।

पुलिस अधीक्षक अनिल सिसौदिया ने बताया कि ईडी की शिकायत पर पूर्व मंत्री आजम खान, मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट, एस एंड ए इंटरप्राइजेज, सीके एसोसिएट और अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसकी विवेचना क्षेत्राधिकारी टांडा पंकज पंत को सौंपी गई है।

यह भी पढ़ें- आजम खान से जेल में 8 घंटे पूछताछ: जौहर यूनिवर्सिटी के चंदे पर ED का कसता शिकंजा, लखनऊ बुलाए गए करीबी