जेल से बाहर आते ही बढ़ीं आजम खां की मुश्किलें, 19 साल पुराने हेट स्पीच केस में वॉयस सैंपल के लिए सुप्रीम कोर्ट जाएगी सरकार
जेल से बाहर आने के बाद आजम खां की मुश्किलें बढ़ गई हैं, क्योंकि उत्तर प्रदेश सरकार उनके 19 साल पुराने हेट स्पीच मामले में वॉयस सैंपल पर लगी रोक हटाने के लिए सुप्रीम कोर्ट जाएगी।

आजम खां
HighLights
तीन साल पहले सुप्रीम कोर्ट ने अंतरिम रोक लगाने के दिए थे आदेश, तब से रुकी चल रही मुकदमे की सुनवाई
जागरण संवाददाता, रामपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव आजम खां भले ही जमानत पर जेल से बाहर आ गए हैं, लेकिन उनकी मुश्किलें कम नहीं हुई हैं। अब उनके खिलाफ दर्ज पुराने उन मुकदमों की फाइल खोली जा रही हैं, जो सालों से बंद पड़ी थीं। इनमें 19 साल पुराने मामले तक शामिल हैं।
गंज कोतवाली के जमीन के विवाद के एक मामले में न्यायालय से दोबारा विवेचना के आदेश कराए गए हैं तो अब 19 साल पुराने हेट स्पीच के मामले की रुकी हुई सुनवाई को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
यह मुकदमा हेट स्पीच का है। इसमें स्थानीय न्यायालय ने आजम खां की आवाज का नमूना लेने के आदेश दिए थे, जिस पर सुप्रीम कोर्ट ने साल 2023 में अंतरिम रोक लगा दी थी। अब राज्य सरकार उस रोक को हटाने के लिए सुप्रीम कोर्ट में पैरवी करेगी।
यह मामला अगस्त 2007 में धीरज कुमार शील ने टांडा थाने में दर्ज कराया था, जिसमें आजम खां पर तत्कालीन मुख्यमंत्री मायावती के खिलाफ कथित अपमानजनक भाषा के इस्तेमाल और घृणास्पद/जातिसूचक टिप्पणी करने का आरोप लगाया गया था।
इस मामले में एससी/एसटी एक्ट के साथ-साथ भारतीय दंड संहिता की धाराओं और जनप्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा के तहत कार्रवाई हुई थी और 2009 में आरोप पत्र दाखिल होने के बाद एमपी/एमएलए अदालत में संज्ञान लिया था।
सपा सरकार में आजम खां ने इस मुकदमे को वापस लेने का भी प्रयास किया था। इस मामले में आजम खां 12 साल तक कोर्ट में नहीं गए। मुकदमे के वादी वादी धीरज शील की भी मृत्यु हो चुकी है।
फरवरी 2020 को जब वह दूसरे मामले में अदालत में हाजिर होकर जेल गए तो इस मामले में भी जमानत कराई थी। इस मुकदमे में ट्रायल भी शुरू हो चुका है।
29 अक्टूबर 2022 को न्यायालय ने रिकार्डिंग/सीडी से मिलान के लिए आजम खां का आवाज का नमूना लेने का आदेश दिया था, जिसे इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने 25 जुलाई 2023 को बरकरार रखा था।
इसके बाद 23 अगस्त 2023 को सुप्रीम कोर्ट ने उस आदेश पर अंतरिम रोक लगा दी थी और उत्तर प्रदेश सरकार व संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किया था। तब से इस मामले में ट्रायल आगे नहीं बढ़ सका। अब आजम खां के जेल से बाहर आने पर इस मुकदमे में दोबारा ट्रायल शुरू कराने के प्रयास कराए जा रहे हैं।
पक्षद्रोही हो चुके गवाह
आजम खां के अधिवक्ता नासिर सुल्तान का कहना है कि इस मुकदमे में कुछ गवाह तो पक्षद्रोही हो चुके हैं। मुकदमा झूठा है। आजम खां के खिलाफ न्यायालयों में जितने भी मुकदमे चल रहे हैं, वे सभी राजनीतिक द्वेष के चलते कराए गए और झूठे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।