16 में फैसला, 8 में बरी... 2019 के बाद से कैसे शुरू हुए आजम खां के बुरे दिन? दर्ज हुए ताबड़तोड़ मुकदमे
सपा नेता आजम खां पर 2019 से कई मुकदमे दर्ज हुए हैं, जिसके चलते उन्हें कई बार जेल जाना पड़ा है।

डासना जेल से रिहा होकर रामपुर में समर्थकों के बीच पहुंचे आजम खां। (तस्वीर सोर्स- जागरण)
HighLights
आजम खां दो पैन कार्ड मामले में एक साल बाद रिहा हुए।
डासना जेल से हुई रिहाई, 2019 से कई मुकदमे दर्ज।
पहले भी कई बार जेल जा चुके हैं सपा नेता आजम।
जागरण संवाददाता, रामपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव आजम खां दो पैन कार्ड मामले में जेल से रिहा हो गए हैं। आजम को 17 नवंबर 2025 को एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट ने सजा सुनाई थी।
वह पूरे एक साल जेल में रहे। 17 नवंबर 2026 की तारीख ही उनकी रिहाई का आदेश लेकर आई और बुधवार यानी 18 नवंबर को आजम खां डासना जेल से रिहा हो गए।
प्रदेश में भाजपा की सरकार आने के बाद साल 2019 से आजम खां और उनके परिवार पर ताबड़तोड़ मुकदमे दर्ज हुए। इन्हीं मुकदमों में आजम खां को कई बार जेल जाना पड़ा है।
आजम खां के खिलाफ 16 मुकदमों में आ चुका है फैसला
सपा नेता आजम खान के खिलाफ अब तक 16 मुकदमों में फैसला आ चुका है, जिसमें आठ में वह बरी हुए और इतने ही मुकदमों में सजा भी हुई। उनके खिलाफ मुकदमों की शुरुआत सात साल पहले हुई। प्रदेश में भाजपा की सरकार आने पर साल 2019 से उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज होने शुरू हो गए थे।
पहली बार 2020 में किया था सरेंडर
पहली बार 26 फरवरी 2020 को आजम खां ने दो जन्म प्रमाण पत्र मामले में पत्नी पूर्व सांसद डॉ. तजीन फातिमा और बेटे अब्दुल्ला आजम के साथ न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था।
न्यायालय के आदेश पर तीनों को जेल भेज दिया गया था। सुप्रीम कोर्ट से अंतरिम जमानत पर 20 मई 2022 को तीनों रिहा हो गए थे।
इसके बाद दो जन्म प्रमाण पत्र मामले में 18 अक्टूबर 2023 को तीनों को सात साल कारावास की सजा हुई। तीनों को दोबारा जेल भेजा गया। पहले उन्हें रामपुर जिला कारागार में रखा। बाद में सुरक्षा कारणों से आजम खां को सीतापुर और अब्दुल्ला को हरदोई की जेल में शिफ्ट कर दिया था। सीतापुर जेल से आजम खां 23 माह बाद 23 सितंबर 2025 को जमानत पर रिहा हुए थे। हालांकि वह 54 दिन बाद ही जेल से बाहर रहे।
इसके बाद 17 नवंबर 2025 को दो पैन कार्ड मामले में फैसला आ गया। आजम खां और अब्दुल्ला को एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट मजिस्ट्रेट ट्रायल ने सात साल के कारावास की सजा सुनाई।
हालांकि अभियोजन की ओर से सेशन कोर्ट में अपील के बाद आजम खां की सजा को बढ़ाकर 10 साल कर दिया गया था।
29 अक्टूबर 2026 को दो पैन कार्ड में आजम खां और अब्दुल्ला की जमानत मंजूर हो गई, जिसमें 31 अक्टूबर 2026 को वह जेल से रिहा हुए, लेकिन जेल से बाहर आते ही तुरंत ईडी ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था और गाजियाबाद कोर्ट के आदेश पर डासना जेल भेज दिया था। इसके बाद हाई कोर्ट ने 17 नवंबर को आजम को इस मामले में भी जमानत दी और अब फिर से आजम जेल से बाहर आ गए हैं।
डूंगरपुर प्रकरण में जल्द फैसला आने की उम्मीद
16 मई 2026 को आजम खान को जिलाधिकारी को तनखइया बोलने पर दो साल की सजा हुई। अब उनके खिलाफ डूंगरपुर प्रकरण के मामले में जल्द फैसला आने की उम्मीद है। इसमें आजम खान के बचाव में गवाही चल रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।