विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

2027 चुनाव लड़ने की तैयारी में आजम और अब्दुल्ला, पैन कार्ड मामले में सजा पर रोक के लिए जाएंगे सुप्रीम कोर्ट

By Anil AwasthiEdited By: Piyush Pandey
Published: Fri, 20 Nov 2026 12:35 AM (IST)

जेल से बाहर आने के बाद सपा महासचिव आजम खां और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम 2027 के विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। 

आजम खां और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम। (सोशल मीडिया)

आजम खां और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम। (सोशल मीडिया)

HighLights

  1. आजम-अब्दुल्ला 2027 विधानसभा चुनाव लड़ने की कर रहे तैयारी।

  2. दो पैन कार्ड मामले में सजा से राहत पाने की कोशिश।

  3. सुप्रीम कोर्ट से मिली राहत को बनाएंगे कानूनी आधार।

अनिल अवस्थी, रामपुर। जेल से बाहर आने के बाद सपा महासचिव आजम खां की नजर अब 2027 के विधानसभा चुनाव पर है।

वह खुद के साथ बेटे अब्दुल्ला आजम को भी चुनावी मैदान में उतारना चाहते हैं, लेकिन दोनों की राह में अलग-अलग मामलों में दोषसिद्धि बड़ी बाधा है।

दो जन्म प्रमाणपत्र मामले में सुप्रीम कोर्ट से मिली राहत के बाद अब पिता-पुत्र दो पैन कार्ड प्रकरण में भी सजा से राहत पाने की कानूनी लड़ाई की तैयारी में हैं। गुरुवार को आजम खां ने मीडिया के सामने सुप्रीम कोर्ट के निर्णय का हवाला देकर खुद चुनाव लड़ने की कोशिश के संकेत भी दिए।

आजम की नजर रामपुर के साथ ही स्वार-टांडा विधानसभा सीट पर भी है। इस सीट से वह फिर बेटे अब्दुल्ला आजम को चुनाव लड़ाना चाहते हैं।

हालांकि पिता-पुत्र दोनों को अलग-अलग मामलों में मिली सजा के चलते फिलहाल उनकी राह आसान नहीं है। अब्दुल्ला आजम और आजम खां को दो पैन कार्ड मामले में एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट ने सात-सात वर्ष की सजा सुनाई थी।

बाद में सेशन कोर्ट ने आजम खां की सजा बढ़ाकर 10 वर्ष कर दी थी, जबकि अब्दुल्ला की सजा बरकरार रखी थी। इसमें दोनों को हाई कोर्ट से जमानत मिल चुकी है। अब दोषसिद्धि पर रोक लगवाने को अपील की तैयारी है।

इसी 17 नवंबर को दो जन्म प्रमाणपत्र मामले में सुप्रीम कोर्ट ने अब्दुल्ला आजम और डॉ. तजीन फातिमा की दोषसिद्धि पर रोक लगा दी। इस एकमात्र मामले में राहत से डॉ. तजीन का चुनाव लड़ने का रास्ता कानूनी रूप से साफ है।

उधर, इसी आधार पर आजम-अब्दुल्ला पैन कार्ड मामले में भी सजा निरस्त कराने या दोषसिद्धि पर अंतरिम रोक के लिए अदालत जाने की तैयारी में हैं। ऐसा होने पर अब्दुल्ला के चुनाव लड़ने का रास्ता साफ हो सकता है।

आजम के सामने अब भी ज्यादा कानूनी अड़चनें 

आजम खां को दो पैन कार्ड और दो जन्म प्रमाणपत्र मामलों के अलावा पांच अन्य मुकदमों में भी सजा हो चुकी है। आजम के अधिवक्ता काशिफ कामरान खां के अनुसार छजलैट प्रकरण में अब्दुल्ला को मिली सजा को हाई कोर्ट माइनर मानते हुए निरस्त कर चुका है।

अब पैन कार्ड मामले में सुप्रीम कोर्ट के दरवाजे खुले हैं। आजम खां की सजा के खिलाफ हाई कोर्ट में अपील लंबित हैं। उधर, पैन कार्ड मामले में अब सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाने की तैयारी है।

यह भी पढ़ें- ओवैसी-चंद्रशेखर गठबंधन पर आजम खां का तंज, कहा- 'हमारे यहां हैदराबादी बिरयानी पसंद नहीं की जाती'

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।