एनडीए की बदौलत पसमांदा समाज को विधानसभा में मिला प्रतिनिधित्व : अनुप्रिया पटेल
अनुप्रिया पटेल ने स्वार में अपना दल (एस) के स्थापना दिवस पर कहा कि पार्टी ने एनडीए के तहत पसमांदा समाज को विधानसभा में प्रतिनिधित्व दिलाया है।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री अनुप्रिया पटेल।
HighLights
अनुप्रिया पटेल ने स्वार में अपना दल (एस) का स्थापना दिवस मनाया।
पार्टी ने पसमांदा समाज को विधानसभा में प्रतिनिधित्व दिलाया: अनुप्रिया पटेल।
शोषित, वंचित वर्गों के अधिकारों और आरक्षण के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
जागरण संवाददाता, रामपुर। अपना दल (एस) ने 2027 के विधानसभा चुनाव के बीच स्थापना दिवस पर बुधवार को स्वार में सभा की। राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री अनुप्रिया पटेल ने पार्टी से स्वार विधायक शफीक अहमद अंसारी का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी ने उन्हें एनडीए का प्रत्याशी बनाकर पसमांदा समाज को विधानसभा में प्रतिनिधित्व दिलाया है।
अनुप्रिया स्वार में पार्टी के स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन एवं जनसभा में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुईं। जनसभा के दौरान उन्होंने कहा कि पार्टी संस्थापक डा. सोनेलाल पटेल के विचारों और सिद्धांतों पर चलते हुए अपना दल (एस) शोषित, वंचित, दलित, पिछड़े और पसमांदा समाज के अधिकारों तथा आरक्षण के लिए सड़क से संसद तक संघर्ष कर रहा है।
आउटसोर्सिंग में आरक्षण का लाभ दिलाने के लिए भी पार्टी ने आवाज उठाई और सरकार से आउटसोर्सिंग निगम का गठन कराया। बोलीं कि सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों की भागीदारी पार्टी की प्राथमिकताओं में शामिल है। यही वजह है कि अपना दल (एस) गरीब व कमजोर वर्गों की आवाज बनी है।
यह भी पढ़ें- रामपुर में सरकारी इंटर कॉलेज के शिक्षक ने छात्रों को बल्ले से पीटा, विरोध करने पर अभिभावकों पर भी किया हमला
पार्टी का जनाधार लगातार बढ़ रहा है और प्रदेश में 13 विधायक हैं। उन्होंने प्रदेश में तीसरी बार एनडीए की सरकार बनाने व गठबंधन में अपना दल (एस) को मिलने वाली सभी सीटों पर जीत सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं से जुटने का आह्वान किया। इसदौरान बतौर विशिष्ट अतिथि प्रदेश अध्यक्ष आरपी गौतम और प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल, स्वार-टांडा विधायक शफीक अहमद अंसारी, जिलाध्यक्ष चौधरी धनवीर सिंह आदि रहे।