अखिलेश यादव का रामपुर दौरा: आजम खान से जेल में करेंगे मुलाकात, सुरक्षा कड़ी
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव गुरुवार को रामपुर पहुंचेंगे और जेल में बंद वरिष्ठ नेता आजम खान से मुलाकात ...और पढ़ें

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव। जागरण
HighLights
अखिलेश यादव रामपुर में आजम खान से मिलेंगे जेल में।
पूर्व मुख्यमंत्री आजम खान के घर परिवार से भी करेंगे मुलाकात।
जौहर विश्वविद्यालय से जेल तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम।
जागरण संवाददाता, रामपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव गुरुवार को रामपुर आ रहे हैं। वह पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री आजम खां से जेल में मुलाकात करेंगे और उसके बाद आजम खां के घर भी जाएंगे। उनके कार्यक्रम को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क है। जौहर यूनिवर्सिटी से जेल और आजम खां के आवास तक सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
जारी कार्यक्रम के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सुबह 11 बजे लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट से निजी विमान से रवाना होंगे। सुबह 11:45 बजे बरेली एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से 11:55 बजे निजी हेलीकाप्टर से रामपुर के लिए उड़ान भरेंगे। दोपहर 12:20 बजे हेलीकाप्टर से जौहर विश्वविद्यालय पहुंचेंगे।
यहां सपाई उनका स्वागत करेंगे। हेलीपेड पर पूर्व मुख्यमंत्री का स्वागत करने वाले करीब 40 सपाइयों की सूची प्रशासन को सौंपी गई हैं। इनमें चमरौआ से विधायक नसीर खां, प्रदेश सचिव ओमेंद्र चौहान, सपा जिलाध्यक्ष अजय सागर, नगर अध्यक्ष आसिम राजा, पूर्व ब्लाक प्रमुख प्रमोद गंगवार आदि शामिल हैं। इनके अलावा मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा से विधायक नवाब जान भी हेलीपेड पर मौजूद रहेंगे। हेलीपेड से अखिलेश यादव 12:30 बजे कार से जिला कारागार के लिए रवाना होंगे।
यह भी पढ़ें- रामपुर की 2 मशहूर चाय में मिला लोहे का बुरादा और मिलावटी रंग, बरेली में भी अलर्ट और जांच तेज
दोपहर 12:45 बजे जेल पहुंचकर आजम खां से मुलाकात करेंगे। इसके बाद अपराह्न 1:30 बजे जेल से रवाना होकर 1:45 बजे जेल रोड स्थित आजम खां के आवास पहुंचेंगे। यहां वह आजम खां के परिवार से मुलाकात करेंगे। अपराह्न 2:30 बजे वापस जौहर विश्वविद्यालय जाएंगे और वहां से 2:55 बजे हेलीकाप्टर से बरेली एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे।
वह करीब ढाई घंटे रामपुर में रहेंगे। अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि जौहर विश्वविद्यालय से जेल तक पुलिस फोर्स के साथ ही यातायात पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है।
यह भी पढ़ें- जाम लगा तो ट्रक बंद कर सो गए ड्राइवर, 7 KM लंबी लगी लाइन; मुरादाबाद-टांडा मार्ग का अनोखा हाल
