विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जाम लगा तो ट्रक बंद कर सो गए ड्राइवर, 7 KM लंबी लगी लाइन; मुरादाबाद-टांडा मार्ग का अनोखा हाल

Published: Wed, 21 Oct 2026 11:03 PM (IST)

मुरादाबाद-टांडा मार्ग पर एक पिकअप खराब होने से सात किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी ...और पढ़ें

टांडा में मुरादाबाद मार्ग भगतपुर तिराहे पर लगा लंबा जाम। जागरण

टांडा में मुरादाबाद मार्ग भगतपुर तिराहे पर लगा लंबा जाम। जागरण

HighLights

  1. पिकअप खराब होने से लगा सात किलोमीटर लंबा जाम

संवाद सहयोगी, टांडा (रामपुर)। मुरादाबाद-टांडा मार्ग पर बुधवार तड़के एक पिकअप खराब होने से करीब सात किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लगने से छोटे वाहन और कार सवार भी फंस गए। लोगों को करीब तीन घंटे तक परेशानी झेलनी पड़ी। मौके पर पुलिस के न पहुंचने से राहगीरों में नाराजगी रही।

मंगलवार को सामुदायिक अस्पताल के पास रामलीला मंचन के दौरान मेला लगा था और रावण-दहन होना था। व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने मेला समाप्त होने तक वाहनों की आवाजाही रोक दी थी।

बुधवार तड़के करीब ढाई बजे बड़े और खनन के वाहनों को अनुमति मिलने के बाद मार्ग पर वाहनों की संख्या बढ़ गई। इसी बीच बार्डर के पास एक पिकअप खराब हो गई। करीब एक घंटे बाद वह ठीक हुई, लेकिन तब तक लंबी कतार लग चुकी थी।

जाम में फंसे कुछ खनन डंपरों और ट्रकों के चालक वाहन बंद कर सो गए। इससे रास्ता खुलने के बजाय जाम बढ़ता गया। टांडा से मानपुर (मुरादाबाद) के आगे तक वाहनों की कतार लग गई।

जरूरी काम से निकले लोगों को कई घंटे इंतजार करना पड़ा। काफी देर तक जाम नहीं खुलने पर कुछ लोग अपने वाहन छोड़कर आगे पहुंचे। उन्हें पता चला कि कई चालक वाहन बंद कर सो रहे हैं। लोगों ने चालकों को जगाकर वाहन आगे बढ़वाए।

मशक्कत के बाद करीब तीन घंटे में यातायात सुचारु हुआ। राहगीरों का कहना था कि यदि भगतपुर पुलिस मौके पर मौजूद होती और समय रहते जाम खुलवाने के प्रयास करती, तो उन्हें परेशानी नहीं झेलनी पड़ती।

कोतवाली प्रभारी बलवान सिंह ने बताया कि रामलीला के कारण रात दो बजे तक वाहनों का संचालन रोका गया था, इसी वजह से दिक्कत आई।

यह भी पढ़ें- रामपुर में जवान बेटे की मौत का सदमा नहीं सह सका पिता, 24 घंटे के अंदर फांसी लगाकर दी जान