रामपुर में जवान बेटे की मौत का सदमा नहीं सह सका पिता, 24 घंटे के अंदर फांसी लगाकर दी जान
रामपुर के खरसोल में एक ईंट-भट्ठे पर काम करने आए पिता-पुत्र की दो दिनों के भीतर मौत हो गई, जिससे ...और पढ़ें

HighLights
खरसोल ईंट-भट्ठे पर पिता-पुत्र की दो दिन में मौत।
बेटे की मौत के बाद पिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या की।
पुलिस मामले की जांच कर रही, शराब की लत का जिक्र।
जागरण संवाददाता, रामपुर। थाना क्षेत्र के ग्राम खरसोल के पास स्थित ईंट-भट्ठे पर काम करने आए पिता-पुत्र की दो दिनों में मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सोमवार रात बेटे की मौत हो गई थी, जबकि मंगलवार दोपहर पिता का शव भट्ठे के पीछे गन्ने के खेत के पास पेड़ से लटका मिला। पुलिस इसे बेटे की मौत के गम में पिता द्वारा आत्महत्या मान रही है।
संभल जनपद के धनारी थाना क्षेत्र के खजरा हाकम गांव निवासी मिट्ठन 15 अक्टूबर को अपने पिता चंद्रसेन (58) के साथ खरसोल के पास ईंट-भट्ठे पर पथेर का काम करने आया था।
सोमवार रात मिट्ठन भट्ठे के निकट पेट्रोल पंप के पास नशे की हालत में बेसुध मिला। ग्रामीण की सूचना पर पहुंची 112 नंबर पुलिस ने एंबुलेंस से उसे शाहबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद मिट्ठन का शव घर पहुंचा ही था कि चंद्रसेन का शव भट्ठे के पीछे गन्ने के खेत के पास पेड़ से लटका मिला।
थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज पंत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज पंत ने बताया कि भट्ठे पर काम करने वालों के अनुसार, पिता-पुत्र 15 अक्टूबर को काम पर आए थे और दोनों के शराब के आदी होने की बात सामने आई है।
प्रथम दृष्टया पिता द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की बात सामने आई है। मौत के वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेंगे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बताया जाता है कि चंद्रसेन की पत्नी की पहले ही मौत हो चुकी है। वहीं बेटा मिट्ठन अविवाहित था।
