यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 02, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अब्दुल्ला आजम के दो जन्म प्रमाण पत्र मामले में 4 सितंबर को होगी सुनवाई, इस नेता ने दर्ज कराया था केस
Abdullah Azam आजम खान के बेटे अब्दुल्ला आजम के दो जन्म प्रमाण पत्र मामले में अब चार सितंबर को सुनवाई ...और पढ़ें

रामपुर, जागरण संवाददाता। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव आजम खान के बेटे और सपा के पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम के दो जन्म प्रमाण पत्र मामले में शुक्रवार को सुनवाई नहीं हो सकी। अदालत ने अगली सुनवाई के लिए अब चार सितंबर तय की है। अब चार सितंबर को अब्दुल्ला आजम के इस मामले में सुनवाई की जाएगी।
दो जन्म प्रमाण पत्र का मामला भाजपा विधायक आकाश सक्सेना की ओर से दर्ज कराया गया था। इसमें आरोप है कि आजम खान ने बेटे के अलग-अलग जन्मतिथि से दो जन्म प्रमाण पत्र बनवाए हैं। इसमें एक जन्म प्रमाण पत्र रामपुर नगर पालिका से बना है, जबकि दूसरा लखनऊ से बना है।
इस मुकदमे में आजम खान का पूरा परिवार है नामजद
इस मुकदमे में आजम खान के अलावा उनके बेटे और पत्नी पूर्व सांसद डा. तजीन फात्मा भी नामजद हैं। इसकी सुनवाई एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट (मजिस्ट्रेट ट्रायल) में चल रही है। दोनों ओर से गवाही पूरी हो चुकी है। अब अंतिम बहस होनी है। अभियोजन की बहस चल रही है।
वकीलों की हड़ताल के चलते नहीं हुई सुनवाई
भाजपा विधायक के अधिवक्ता संदीप सक्सेना ने बताया कि शुक्रवार को सुनवाई होनी थी, लेकिन अधिवक्ताओं की हड़ताल के चलते सुनवाई नहीं हो सकी। अब चार सितंबर को सुनवाई होगी।
