‘अब्दुल सिर्फ दरी बिछाएगा...’ रामपुर में फिर ताजा हुआ पुराना ज़ख्म, सपा सांसद और भाजपा नेता आमने-सामने
सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी एक पत्रकार द्वारा 'अब्दुल' शब्द के इस्तेमाल पर भड़क गए, जिस पर भाजपा नेता फसाहत शानू ...और पढ़ें

फसाहत शानू और मोहिबुल्लाह नदवी
HighLights
जवाब में भाजपा नेता फसाहत शानू बोले- हकीकत सामने आने पर भड़क रहे सांसद
जागरण संवाददाता, रामपुर। सांसद मोहिबुल्लाह नदवी की प्रेस वार्ता के दौरान एक पत्रकार ने पूछ लिया कि चुनाव में फिर हर पार्टी अब्दुल को याद कर रही है, इस समय अब्दुल कहां है? यह सुनकर सांसद भड़क गए। कहा कि अब्दुल कहकर आप कौम का मजाक बना रहे हैं। अब्दुल क्या होता है। मुसलमानों ने देश के लिए कुर्बानियां दी हैं। उनका सपा में सम्मान है।
इसके जवाब में सपा सरकार में आजम खान के करीबी और अब भाजपा नेता फसाहत शानू ने वीडियो प्रसारित कर कहा कि सपा में मुसलमानों की स्थिति बदतर है, सांसद के पास इसका जवाब नहीं है, इसीलिए वह भड़क रहे हैं।
रविवार को सपा सांसद जब आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के गठबंधन के साथ सपा के चुनाव मैदान में उतरने की घोषणा कर रहे थे तभी उनसे सवाल पूछ लिया। अब्दुल का मतलब मुस्लिम कौम से था। पहले तो सांसद समझ नहीं पाए मगर जब उन्हें समझ में आया तो भड़क गए। कहा कि आप अपने शब्दों को वापस लीजिए।
याद रहे कि सपा सरकार में आजम खान के मीडिया प्रभारी रहे फसाहत शानू ने सपा मुखिया अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा था कि हमारे कपड़ों से आपको बदबू आती है।
स्टेज पर आप हमारा नाम नहीं लेना चाहते, अब्दुल सिर्फ दरी बिछाएगा और आपको वोट भी देगा। यह डायलाग उस समय सुर्खियां बना था। एक बार फिर प्रेस वार्ता की ये फुटेज इंटरनेट मीडिया पर सुर्खियां बटोर रही है।
वहीं, इसके जवाब में फसाहत शानू ने भी वीडियो प्रसारित कर सांसद पर निशाना साधते हुए कहा कि अब्दुल के नाम पर इतना बुरा क्यों लग रहा है, क्या अब्दुल गाली है? जिसके नाम पर आपकी पार्टी ने रोटियां सेंकी हैं, वह है अब्दुल। इस तरह सांसद और फसाहत के वीडियो इंटरनेट मीडिया पर सुर्खयां बटोर रहे हैं।
