रायबरेली के परशदेपुर को बैंकिंग सौगात, SBI शाखा खुलने से बुजुर्गों-किसानों और व्यापारियों को मिलेगी राहत
परशदेपुर में भारतीय स्टेट बैंक की नई शाखा खुलने से क्षेत्र के लगभग 70 हजार लोगों को बैंकिंग सुविधाओं में बड़ी राहत मिलेगी।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
परशदेपुर में भारतीय स्टेट बैंक की नई शाखा जल्द खुलेगी।
70 हजार लोगों को 29 किमी दूर जाने से मिलेगी मुक्ति।
बुजुर्गों, किसानों, व्यापारियों को स्थानीय बैंकिंग सुविधा का लाभ।
जागरण संवाददाता, रायबरेली। परशदेपुर नगर पंचायत और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को जल्द ही बैंकिंग सुविधाओं के लिए बड़ी राहत मिलने वाली है। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की नई शाखा परशदेपुर में खोली जाएगी।
इससे क्षेत्र के करीब 70 हजार लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। अभी तक बैंकिंग संबंधी कार्यों के लिए लोगों को लगभग 29 किलोमीटर दूर सलोन जाना पड़ता था। नई शाखा खुलने से लोगों को लंबी दूरी तय करने और समय बर्बाद करने से निजात मिलेगी।
परशदेपुर और आसपास के गांवों में रहने वाले लोगों को खाता खुलवाने, रुपये जमा करने, निकासी, पेंशन, सरकारी योजनाओं और अन्य बैंकिंग कार्यों के लिए सलोन स्थित एसबीआई शाखा पर निर्भर रहना पड़ता है। दूरी अधिक होने के कारण बुजुर्गों, महिलाओं, किसानों और व्यापारियों को विशेष परेशानी उठानी पड़ती है। नई शाखा शुरू होने के बाद स्थानीय स्तर पर ही बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
एसबीआई के क्षेत्रीय प्रबंधक राकेश पाण्डेय ने बताया कि वर्तमान में जिले में बैंक की 41 शाखाएं संचालित हैं। परशदेपुर में नई शाखा खुलने के बाद शाखाओं की संख्या बढ़कर 42 हो जाएगी। इसके लिए प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
यह भी पढ़ें- जिला पंचायत कार्यालय का होगा विस्तार, नए कार्यालय भवनों के साथ अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए बनेंगे आवास
उन्होंने बताया कि नई शाखा से नगर पंचायत के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी बैंकिंग सेवाओं का लाभ मिलेगा। इससे क्षेत्र में बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार होगा।