रायबरेली में दो ट्रक चालकों की भिड़ंत बनी जानलेवा, बंपर से गिरे परिचालक को ट्रक चालक ने रौंदा
रायबरेली में ओवरटेक को लेकर दो ट्रक चालकों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मारपीट के दौरान एक ...और पढ़ें
-1794205181055_m.webp)
HighLights
ओवरटेक को लेकर दो ट्रक चालकों में हुआ विवाद।
मारपीट के दौरान परिचालक बंपर से गिरकर कुचला गया।
रायबरेली के बछरावां में हुई दर्दनाक घटना, चालक हिरासत में।
संवादसूत्र, जागरण। बछरावां (रायबरेली)। ओवरटेक को लेकर दो ट्रक चालकों के बीच शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। कस्बा चौराहे पर करीब 15 मिनट तक हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा। एक ट्रक का परिचालक दूसरे ट्रक के बंपर पर खड़े होकर लोहे की राड से शीशा तोड़ने लगा, जबकि चालक केबिन की खिड़की पर लटककर उस ट्रक के चालक से मारपीट करने लगा।
करीब पांच किलोमीटर तक चलते वाहन पर मारपीट के बाद अचानक बम्पर पर खड़ा परिचालक नीचे गिर गया और पहिए के नीचे कुचलकर उसकी मौत हो गई। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
रविवार की सुबह कुंदनगंज के पास रायबरेली से लखनऊ की ओर जा रहे दो ट्रकों के चालकों के बीच ओवरटेक को लेकर विवाद शुरू हुआ। बछरावां चौराहे पर पीछे चल रहे ट्रक ने ओवरटेक कर दूसरे वाहन को रोका। इसके बाद चालक और परिचालक उतरकर दूसरे ट्रक के चालक से विवाद करने लगे।
देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई और चौराहे पर लोगों की भीड़ जुट गई। इस दौरान परिचालक ट्रक के बंपर पर चढ़कर लोहे की रॉड से अगला शीशा तोड़ने लगा, जबकि चालक खिड़की पर लटककर उस ट्रक चालक मारपीट करने लगा। इसी बीच इस ट्रक के चालक ने वाहन दौड़ा दिया।
कुछ दूर चलने पर ट्रक का पहिया डिवाइडर पर चढ़कर नीचे उतरा, जिससे खिड़की पर लटका चालक गिर गया, लेकिन बंपर पर खड़ा परिचालक मारपीट करता रहा। करीब पांच किलोमीटर बाद अचानक ब्रेक लगने से परिचालक नीचे गिर गया और ट्रक के पहिए के नीचे आकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान रवि कुमार निवासी नगला रघोल, थाना खैरगढ़, जनपद फिरोजाबाद के रूप में हुई। थानाध्यक्ष श्याम कुमार पाल ने बताया कि आरोपी ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।