खुला रह गया फाटक और गुजर गईं दो सुपरफास्ट ट्रेनें, रायबरेली में गेटमैन की बड़ी लापरवाही
रायबरेली में रूपामऊ-फुरसतगंज के बीच रेलवे फाटक खुला रहने के दौरान दो ट्रेनें गुजर गईं, जिससे बड़ी लापरवाही सामने आई है।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
रायबरेली में खुला रहा रेलवे फाटक, दो ट्रेनें गुजरीं।
लोको पायलटों ने दी सूचना, अधिकारियों में मचा हड़कंप।
गेटमैन से मांगा स्पष्टीकरण, आरपीएफ ने शुरू की जांच।
जागरण संवाददाता, रायबरेली। रूपामऊ से फुरसतगंज रेलवे स्टेशन के मध्य स्थित रेलवे गेट पर रविवार को गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया। गेट खुला होने के दौरान अप और डाउन लाइन से स्पेशल समेत दो ट्रेनें गुजर गईं।
दोनों ट्रेनों के लोको पायलट ने मामले की सूचना लखनऊ कंट्रोल रूम के साथ ही रूपामऊ और रायबरेली स्टेशन अधीक्षक को दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे अधिकारियों में अफरा तफरी मच गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए गेटमैन से स्पष्टीकरण मांगा गया है, वहीं आरपीएफ ने भी जांच शुरू कर दी है।
रविवार दोपहर करीब 2.35 बजे प्रतापगढ़ से रायबरेली स्टेशन की ओर स्पेशल ट्रेन अप लाइन पर आ रही थी। इसी दौरान डाउन लाइन से रायबरेली से प्रतापगढ़ की ओर मालगाड़ी गुजर रही थी। बताया गया कि दोनों ट्रेनों के आवागमन के दौरान रेलवे गेट खुला हुआ था। ऐसे में दोनों ट्रेनों के लोको पायलट ने तत्काल इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी।
गेटमैन ने अधिकारियों को बताया कि उसने गेट बंद कर दिया था, लेकिन एक अज्ञात वाहन चालक ने जबरन गेट खोल दिया। सीनियर सेक्शन इंजीनियर रेलपथ रामशंकर ने बताया कि लोको पायलट की शिकायत के आधार रेलवे गेट संख्या 136 गेटमैन सुरेश कुमार को नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
वहीं आरपीएफ पोस्ट प्रभारी एके सिंह ने बताया कि रेलवे गेट खुला होने के दौरान ट्रेन का आवागमन होना गंभीर मामला है। सूचना मिलने पर दारोगा और दो सिपाहियों के नेतृत्व में जांच टीम गठित की गई है। टीम घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल करेगी। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।