रायबरेली में रेलपटरी के 6 ज्वाइंट में खामी, वंदे भारत एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें होंगी प्रभावित
रायबरेली में हरचंदपुर से कुंदनगंज रेलवे स्टेशन के बीच रेलपटरी के 6 ज्वाइंट में खामी मिलने से मरम्मत कार्य शुरू हो गया है।

एआई जनरेटेड तस्वीर।
HighLights
रायबरेली में 6 रेल ज्वाइंट में खामी मिली।
वंदे भारत समेत 35 जोड़ी ट्रेनें होंगी प्रभावित।
मरम्मत कार्य बुधवार तक चलेगा, गति धीमी रहेगी।
जागरण संवाददाता, रायबरेली। हरचंदपुर से कुंदनगंज रेलवे स्टेशन के मध्य रेलपटरी के 6 ज्वाइंट में खामी मिलने से रेलवे अधिकारियों में सतर्कता बढ़ गई है। इस रेलमार्ग से वंदे भारत एक्सप्रेस समेत 35 जोड़ी नियमित ट्रेनों के अलावा कई स्पेशल ट्रेनों का आवागमन होता है।
ऐसे में रेलपटरी की खामी दूर करने के लिए मरम्मत कार्य शुरू करा दिया गया है। यह कार्य बुधवार तक चलेगा। इसके चलते कई ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ेगा और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
वंदे भारत एक्सप्रेस के लोको पायलट ने रेलपटरी के ज्वाइंट के पास खामी होने की सूचना रेलवे अधिकारियों को दी थी। इसके बाद अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के लिए टीम गठित की। टीम की जांच में हरचंदपुर से कुंदनगंज स्टेशन के मध्य 6 ज्वाइंट में खामी मिली। इसके बाद रेलपथ विभाग ने मरम्मत कार्य शुरू करा दिया।
सीनियर सेक्शन इंजीनियर रेलपथ विजय कुमार ने बताया कि 6 ज्वाइंट की मरम्मत शुरू कर दी गई है। कार्य बुधवार तक पूरा करने का लक्ष्य है। मरम्मत का काम प्रतिदिन दोपहर में किया जाएगा। इस दौरान ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मरम्मत कार्य के चलते बनारस से देहरादून जाने वाली जनता एक्सप्रेस और हावड़ा-अमृतसर मेल को विलंब से चलाया जाएगा।
वहीं, वंदे भारत एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनों को मरम्मत कार्य बंद होने के बाद भी अग्रिम आदेश तक धीमी गति से चलाया जाएगा। रेलपटरी के ज्वाइंट दुरुस्त होने तक ट्रेनों की गति पर निगरानी रखी जाएगी, ताकि सुरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित किया जा सके।
यह भी पढ़ें- चंदौली से जयपुर और बंगाल के लिए मिलेगी नई ट्रेन, डीडीयू मंडल के यात्रियों को होगा फायदा
नीलांचल एक्सप्रेस के एसी कोच का शीशा दरका
रेलवे स्टेशन होकर पुरी से आनंद विहार जाने वाली नीलांचल एक्सप्रेस के एसी कोच एच-वन का एक शीशा दरक गया। शीशा किस कारण से दरका, इसको लेकर स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। जीआरपी
थानाध्यक्ष सचिन कुमार का कहना है कि उनके कार्यक्षेत्र के अंतर्गत शीशा दरकने की घटना नहीं हुई है। हालांकि, मामले की जांच कराई जाएगी, जिससे घटना के कारणों का पता लगाया जा सके। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि शीशा किसी बाहरी वस्तु के लगने से दरका या इसके पीछे कोई अन्य वजह रही है।
