चंदौली से जयपुर और बंगाल के लिए मिलेगी नई ट्रेन, डीडीयू मंडल के यात्रियों को होगा फायदा
पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल के यात्रियों को सांतरागाछी-खातीपुरा साप्ताहिक एक्सप्रेस के रूप में बंगाल और राजस्थान के लिए नया रेल संपर्क मिला है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
सांतरागाछी-खातीपुरा साप्ताहिक एक्सप्रेस का सोमवार को हुआ शुभारंभ।
डीडीयू मंडल के यात्रियों को बंगाल-राजस्थान यात्रा का विकल्प।
ट्रेन का ठहराव मंडल के पांच स्टेशनों पर निर्धारित।
जागरण संवाददाता, चंदौली। पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल के यात्रियों को बंगाल व राजस्थान की यात्रा के लिए रेल संपर्क का एक अतिरिक्त विकल्प मिला है। सांतरागाछी-खातीपुरा (जयपुर) साप्ताहिक एक्सप्रेस का सोमवार को शुभारंभ किया गया।
इस ट्रेन के शुरू होने से मंडल के यात्रियों को जयपुर सहित मार्ग के प्रमुख शहरों तक पहुंचने में सहूलियत मिलेगी। ट्रेन का ठहराव मंडल के पांच स्टेशनों पर निर्धारित किया गया है।
रेल सेवा के शुभारंभ के अवसर पर सोमवार को तीन उद्घाटन विशेष ट्रेनें चलाई गईं। इनमें 08061 सांतरागाछी-खातीपुरा, 08181 टाटानगर-खातीपुरा और 09701 खातीपुरा-सांतरागाछी उद्घाटन विशेष शामिल हैं।
नियमित परिचालन में यह ट्रेन 18061/18062 सांतरागाछी-खातीपुरा-सांतरागाछी एक्सप्रेस के रूप में संचालित होगी। नियमित सेवा की तिथि, दिन और समय-सारिणी की घोषणा बाद में की जाएगी।
नई ट्रेन का ठहराव डीडीयू मंडल के जपला, डेहरी आन सोन, सासाराम, भभुआ रोड और पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन पर निर्धारित किया गया है। इससे इन स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को बंगाल के सांतरागाछी, खड़गपुर और टाटानगर के साथ राजस्थान के खातीपुरा तक पहुंचने का अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
ट्रेन बंगाल, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और राजस्थान से होकर गुजरेगी। मार्ग में रांची, डालटनगंज, गढ़वा रोड, प्रयागराज, मीरजापुर, फतेहपुर, कानपुर, टुंडला और आगरा आदि प्रमुख स्टेशनों से भी रेल संपर्क उपलब्ध होगा।
यह भी पढ़ें- प्रयागराज के छिवकी, रामबाग और संगम स्टेशन का बदलेगा नाम, यात्रियों की नहीं छूटेगी ट्रेन; दूर होगा भ्रम
