विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीपावली से पहले रायबरेली में लगेंगी नई स्ट्रीट लाइटें, जगमग होगा शहर, जरूरत वाले स्थानों की मांगी गई सूची

Published: Mon, 26 Oct 2026 05:53 PM (IST)

रायबरेली नगर पालिका दीपावली से पहले शहर को रोशन करने की तैयारी में है, जिसके तहत 34 वार्डों और प्रमुख मार्गों पर 1000 नई स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. दीपावली से पहले लगेंगी 1000 नई स्ट्रीट लाइटें।

  2. रायबरेली के 34 वार्डों और प्रमुख मार्गों पर स्थापना।

  3. सभासदों से मांगी गई अंधेरे वाले स्थानों की सूची।

जागरण संवाददाता, रायबरेली। दीपावली से पहले शहर की गलियों और प्रमुख मार्गों को रोशनी से जगमग करने के लिए नगर पालिका ने तैयारी पूरी कर ली है। सभी 34 वार्डों में दीपावली से पहले 1000 नई स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इसमें 500 लाइटें 90 वाट और 500 लाइटें 120 वाट की होंगी। इसके अलावा शहर के प्रमुख मार्गों पर भी अतिरिक्त लाइटें लगाई जाएंगी। इससे त्योहार के दौरान शहर की सड़कों और मोहल्लों में रोशनी बढ़ेगी।

स्थान चिह्नित करने की प्रक्रिया शुरू

नगर पालिका की ओर से स्ट्रीट लाइटें लगाने के लिए स्थान चिह्नित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए सभी वार्डों के सभासदों से उन स्थानों की सूची मांगी गई है, जहां नई लाइटों की आवश्यकता है। सभासद अपने-अपने वार्ड में अंधेरे वाले स्थानों और जरूरत वाले मार्गों को चिह्नित कर सूची उपलब्ध कराएंगे।

इसके आधार पर लाइटें लगाने की कार्ययोजना तैयार की जाएगी, जिससे जरूरत के अनुसार वार्डों में प्रकाश व्यवस्था बेहतर की जा सके। शहर के कई मोहल्लों और संपर्क मार्गों पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने से लोगों को शाम और रात के समय आवागमन में परेशानी होती है।

आबादी वाले क्षेत्रों में बेहतर प्रकाश व्यवस्था

ऐसे में नई स्ट्रीट लाइटें लगने से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त लाइटें लगने से भी रात में आवागमन सुगम होगा। साथ ही त्योहार के दौरान बाजारों और आबादी वाले क्षेत्रों में बेहतर प्रकाश व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी। नगर पालिका का लक्ष्य दीपावली से पहले सभी चिह्नित स्थानों पर लाइटें लगवाना है। इसके लिए विभागीय स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

नगर पालिका अध्यक्ष शत्रोहन सोनकर का कहना है कि सभासदों से मिलने वाली सूची के आधार पर स्थानों का चयन कर लाइटें लगाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। दीपावली से पहले यह काम पूरा होने पर शहर के 34 वार्डों में प्रकाश व्यवस्था बेहतर होगी और त्योहार पर शहर रोशनी से जगमग नजर आएगा।

यह भी पढ़ें- रायबरेली-लखनऊ रूट पर चलेंगी 5 नई बसें, त्योहारों पर यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

यह भी पढ़ें- भारतीय रेलवे का ऐसा हाल? रायबरेली के 5 रेलवे स्टेशन पर रिजर्वेशन फॉर्म नहीं, सादे कागज से काम