रायबरेली-लखनऊ रूट पर चलेंगी 5 नई बसें, त्योहारों पर यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
रायबरेली डिपो से लखनऊ के लिए पांच नई बसें शुरू की जा रही हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
रायबरेली डिपो से लखनऊ के लिए पांच नई बसें शुरू।
ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को आवागमन में मिलेगी सुविधा।
त्योहारों में नौकरीपेशा, छात्रों और मरीजों को लाभ।
जागरण संवाददाता, रायबरेली। ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को लखनऊ तक आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए रायबरेली डिपो से पांच बसों का संचालन किया जाएगा। इन बसों के ग्रामीण क्षेत्रों से होकर गुजरने से आसपास के गांवों में रहने वाले लोगों को राहत मिलेगी, इसके साथ त्योहार में भी आने जाने में सहूलियत होगी। इससे यात्रियों को लखनऊ जाने के लिए कस्बों या मुख्य मार्गों तक पहुंचने की परेशानी कम होगी।
परिवहन निगम की इस पहल से नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और इलाज के लिए लखनऊ जाने वाले मरीजों व उनके तीमारदारों को लाभ मिल सकेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अक्सर लखनऊ जाने के लिए पहले दूसरे साधनों का सहारा लेना पड़ता है। इसके बाद मुख्य मार्ग पर पहुंचकर बस पकड़नी पड़ती है।
ऐसे में समय और पैसे दोनों खर्च होते हैं। ग्रामीण मार्गों से बसों का संचालन होने पर यात्रियों को अपने क्षेत्र के नजदीक से ही यात्रा की सुविधा मिल सकेगी। रायबरेली डिपो से पांच बसें चलाए जाने से ग्रामीण इलाकों और जिला मुख्यालय के बीच परिवहन सुविधा मिलेगी।
इन रूटों पर चलेंगी बसें
बस सेवा का लाभ उन यात्रियों को विशेष रूप से मिलेगा, जिन्हें रोजाना किसी काम से लखनऊ आना-जाना पड़ता है। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों से बाजार, शिक्षण संस्थानों और सरकारी कार्यालयों तक पहुंचने वाले लोगों को भी सहूलियत होगी।
क्षेत्रीय प्रबंधक विमल राजन का कहना है कि रायबरेली-शिवनगर -लखनऊ, बरारा-गदागंज -रायबरेली-लखनऊ, रायबरेली-गदागंज-सुट्ठा हरदो-लखनऊ, रायबरेली-गदागंज -लखनऊ, रायबरेली -शिवनगर-लखनऊ मार्ग पर बसों का चार्ट जारी कर दिया गया।
यह भी पढ़ें- UP PET परीक्षा के लिए रायबरेली परिवहन निगम ने की तैयारी, अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए चलाई जाएंगी अतिरिक्त बसें
