विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रायबरेली में पुल की रेलिंग तोड़कर सई नदी में गिरा चीनी लदा ट्रक, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान

Published: Sun, 04 Oct 2026 11:36 AM (IST)

रायबरेली में परशदेपुर-सलोन मार्ग पर एक चीनी लदा ट्रक पुल की रेलिंग तोड़कर सई नदी में गिर गया। चालक ने ...और पढ़ें

पुल की टूटी रेलिंग व मौके पर एकत्रित लोग

पुल की टूटी रेलिंग व मौके पर एकत्रित लोग

HighLights

  1. रायबरेली में चीनी लदा ट्रक सई नदी में गिरा।

  2. चालक ने कूदकर जान बचाई, लेकिन बाद में गायब हो गया।

  3. पुलिस चालक के गायब होने पर साजिश की आशंका जांच रही।

संवाद सूत्र, रायबरेली। पुलिस चौकी से करीब 500 मीटर दूर परशदेपुर-सलोन मार्ग पर शनिवार को तड़के पुल की रेलिंग तोड़ एक चीनी लदा ट्रक सई नदी में गिर गया। गनीमत रही कि ट्रक के नदी में गिरने से पहले ही चालक ने कूदकर जान बचाई।

वाहन स्वामी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से ट्रक की स्थिति जानने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। वहीं दूसरी ओर घटना के बाद से ही चालक के गायब हो जाने से मामले को लेकर तरह-तरह के सवाल खड़े हो रहे है, लेकिन वाहन में जीपीएस न होने के चलते घटना को सही मानते हुए पुलिस आगे बढ़ रही है।

अमेठी के फुरसतगंज निवासी प्रदीप कुमार ट्रक स्वामी हैं। पड़ोसी अंकित उनका ट्रक चलाते हैं। प्रदीप का कहना है कि शनिवार की तड़के करीब चार बजे अंकित ने उन्हें फोन कर बताया कि ट्रक सई नदी में गिर गया है। वाहन गिरते समय उसने सड़क पर कूदकर किसी तरह जान बचाई और दूसरे वाहन के चालक से फोन लेकर उन्हें कॉल की।

जिस पर उन्होंने तत्काल घटना की सूचना डायल 112 पर दी। डायल 112 कर्मियों ने मामले की सूचना चौकी को दी। पुलिस ने टूटी रेलिंग की जगह रस्सी बांध दी। सुबह जानकारी होने पर बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए, लेकिन नदी की गहराई अधिक होने के कारण ट्रक दिखाई नहीं दिया।

जिस पर पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों के गोताखोरों को बुलाकर स्थिति स्पष्ट करने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के कारण गोताखोर भी पानी की गहराई में जाने में असफल रहे। फिलहाल ट्रक निकलवाने के लिए क्रेन का इंतजाम किया जा रहा है।

लखीमपुर से फूलपुर जा रहा था ट्रक

वाहन स्वामी ने बताया कि ट्रक पर 25 टन चीनी लदी हुई है। जिसे लखीमपुर स्थित मिल से लादकर प्रयागराज के फूलपुर ले जाया जा रहा था। प्रदीप के अनुसार ट्रक में लोड चीनी की कीमत दस लाख से अधिक है।

सवालों के घेरे में घटना

बताया जा रहा है कि घटना की सूचना देने के बाद चालक मौके से गायब हो गया। वाहन स्वामी व पुलिस द्वारा चिकित्सीय परीक्षण के लिए बुलाए जाने के बाद भी वह नहीं आया। ऐसे में घटना सवालों के घेरे में है। लोगों का कहना है कि चालक के सामने न आने से उसकी भूमिका संदिग्ध प्रतीत होती है।

ऐसे में घटना के पीछे बड़ी साजिश होने की आशंका से भी इंकार नहीं किया जा सकता है। इसलिए पुलिस को गंभीरता से इसकी जांच करनी चाहिए। वहीं दूसरी ओर पुलिस अभी इसे साधारण हादसा मानते हुए शिकायत का इंतजार कर रही है।

शायद यही वजह है कि पुलिस ने अब तक अपनी ओर से चालक को खोजने के प्रयास नहीं किए हैं। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र मोहन सरोज का कहना है कि ट्रक निकलवाने के लिए क्रेन बुलवाई गई है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- रायबरेली में दूसरे चरण में बनेंगी 178 डिजिटल लाइब्रेरी, 980 ग्राम पंचायतों में निर्माण की तैयारी