विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीपावली पर रायबरेली से दिल्ली रूट पर चलेंगी अतिरिक्त रोडवेज बसें, चालकों-परिचालकों को मिलेगी प्रोत्साहन राशि

Published: Sat, 31 Oct 2026 03:53 PM (IST)

रायबरेली परिवहन निगम दीपावली, भैयादूज और छठ पर्व पर यात्रियों की सुविधा के लिए 6 से 17 नवंबर तक विशेष बसें चलाएगा।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. 6 से 17 नवंबर तक त्योहारों पर विशेष बसें चलेंगी।

  2. चालक-परिचालकों को अधिकतम संचालन पर प्रोत्साहन राशि मिलेगी।

  3. दिल्ली मार्ग पर 10-12 अतिरिक्त बसें, ग्रामीण रूटों पर भी।

जागरण संवाददाता, रायबरेली। दीपावली, भैयादूज और छठ पर्व पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए परिवहन निगम ने बसों के विशेष संचालन की तैयारी की है। इसके लिए छह से 17 नवंबर तक विशेष अभियान चलाया जाएगा।

इस दौरान बसों के अधिकतम संचालन पर चालक और परिचालकों को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त बसें भी संचालित की जाएंगी।

रायबरेली परिवहन निगम डिपो में निगम की 94 और अनुबंधित 72 बसें हैं। विशेष अभियान के तहत चालक और परिचालक को प्रतिदिन 300 किलोमीटर बस संचालन करने पर 400 रुपये प्रोत्साहन राशि मिलेगी। वहीं, 300 किलोमीटर से अधिक बस चलाने पर अतिरिक्त दूरी के लिए 55 पैसे प्रति किलोमीटर की दर से अलग से प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इससे त्योहार के दौरान बसों के संचालन को बढ़ावा मिलेगा।

क्षेत्रीय प्रबंधक विमल राजन ने बताया कि आठ नवंबर को दीपावली, 11 नवंबर को भैयादूज और 13 से 16 नवंबर तक छठ पूजा का पर्व है। इस दौरान दिल्ली मार्ग पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए 10 से 12 अतिरिक्त बसें संचालित की जाएंगी।

इसके अलावा ग्रामीणांचलों के मार्गों पर यात्रियों की जरूरत के अनुसार बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। उन्होंने बताया कि विशेष अभियान के दौरान चालक, परिचालक समेत अन्य कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त रहेंगी।

प्रत्येक बस स्टेशन को व्यवस्थाओं के संचालन के लिए पांच-पांच हजार रुपये दिए जाएंगे। यात्रियों की समस्याओं और शिकायतों के समाधान के लिए टोल फ्री नंबर 1800 1802877 भी जारी किया गया है। परिवहन निगम का प्रयास है कि त्योहारों के दौरान यात्रियों को समय से बसें उपलब्ध हों और उन्हें गंतव्य तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न उठानी पड़े।

यह भी पढ़ें- रायबरेली में 5.60 लाख राशन कार्ड धारकों को बड़ा तोहफा, मिलेगी 5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।