रायबरेली में दो साल से भारी वाहनों के आवागमन ने उधेड़ी सड़क, 80 से अधिक गांवों के लोगों का चलना हुआ दूभर
रायबरेली में जमुनापुर चौराहा से कोटिया चित्रा गांव तक की सड़क भारी वाहनों के आवागमन से दो साल में गड्ढों ...और पढ़ें

जमुनापुर चौराहा से कोटिया चित्रा गांव तक भारी वाहनों के आवागमन से टूटी सड़क। जागरण
HighLights
सड़क भारी वाहनों के आवागमन से दो साल में जर्जर हुई।
जमुनापुर चौराहा से कोटिया चित्रा तक गड्ढों से भरी सड़क।
पीडब्ल्यूडी ने कार्तिक पूर्णिमा से पहले मरम्मत का आश्वासन दिया।
संवाद सूत्र, रायबरेली। जमुनापुर चौराहा से कोटिया चित्रा गांव तक भारी वाहनों के आवागमन से सड़क टूट कर गड्ढों में तब्दील हो गई है। हर दो सौ मीटर की दूरी पर गड्ढे बने हैं। जर्जर मार्ग से आसपास गांवों की 80 हजार आबादी समेत राहगीरों काे आवागमन में परेशानी हो रही है। लोगों को हर समय हादसे का डर बना रहता है। कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा तट तक श्रद्धालु भी इसी मार्ग से पहुंचेंगे।
खरौली, सराय भान, शहजादपुर, गोकना, कोटिया चित्रा, ईश्वरदासपुर, किसुनदासपुर, कमोली, भीलमपुर, सराय हरदो, रामचंदरपुर, सरबहदा चंड़रई समेत 20 से अधिक ग्राम पंचायतों के 80 से अधिक गांवों की करीब 80 हजार आबादी को विकास से जोड़ने के लिए पीडब्ल्यूडी से सूची खरौली मार्ग का निर्माण कराया गया है। ग्रामीणों के साथ गंगा स्नान को श्रद्धालु भी इसी मार्ग से आवागमन करते हैं।
अजय सिंह, आदर्श मिश्र, शिव कमल सिंह, नागेंद्र कुमार शुक्ल, कल्लू मौर्य, दीपू सिंह, रमेश कुमार, सुरेंद्र कुमार, सुजीत कुमार ने बताया कि गत दो वर्षों से गंगा एक्सप्रेसवे निर्माण के चलते दिन-रात भारी वाहनों के आवागमन से सड़क टूटकर गड्ढों में तब्दील हो गई है। जिसके कारण हर दो सौ मीटर की दूरी पर गड्ढे हो गए हैं।
मकानों व दुकानों के सामने जल निकासी को नाला-नाली न होने के कारण घरों से निकलने वाला पानी सड़क पर भरा रहता है। रोजाना यहां पर आने जाने वाले वाहन आपस में टकराकर दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। कई राहगीर गड्ढे बचाने के चक्कर में गिरकर दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कार्तिक पूर्णिमा मेला शुरू होने वाला है।
लोक निर्माण विभाग से उक्त मार्ग की मरम्मत कराए जाने की कई बार मांग की गई, लेकिन अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। पीडब्ल्यूडी खंड एक की अवर अभियंता किरन का कहना है कि कार्तिक पूर्णिमा मेले से पूर्व सड़क की मरम्मत करा दी जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।