रायबरेली में कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान को लेकर रेलवे अलर्ट, सभी रेलवे गेटों पर तैनात रहेगी आरपीएफ
रेलवे प्रशासन ने कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के कारण 23 से 25 नवंबर तक यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए रायबरेली, बनारस और प्रयागराज रेलमार्गों पर सतर्कता बढ़ा दी है। सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है और सभी रेलवे गेटों पर आरपीएफ टीम तैनात रहेगी ताकि भीड़ के दौरान कोई अव्यवस्था न हो।
-1795163202094_m.webp)
HighLights
कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान हेतु रेलवे अलर्ट।
23-25 नवंबर तक ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ बढ़ेगी।
सभी रेलवे गेटों पर आरपीएफ टीम तैनात रहेगी।
जागरण संवाददाता, रायबरेली। कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को गंगा स्नान और धार्मिक आयोजनों को लेकर रेलवे प्रशासन सतर्क हो गया है। बनारस और प्रयागराज रेलमार्ग पर चलने वाली ट्रेनों में 23 से 25 नवंबर तक यात्रियों की भीड़ बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में सुरक्षा एवं व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
रायबरेली रेलवे स्टेशन से होकर बनारस रेलमार्ग पर लखनऊ से बनारस इंटरसिटी, देहरादून से बनारस तक चलने वाली जनता एक्सप्रेस, नई दिल्ली से बनारस तक चलने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, जम्मूतवी से पटना जाने वाली अर्चना एक्सप्रेस, अमृतसर-हावड़ा मेल और प्रयागराज रेलमार्ग की ओर आने-जाने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस, नौचंदी एक्सप्रेस, गंगा गोमती एक्सप्रेस, त्रिवेणी एक्सप्रेस, लखनऊ-प्रयागराज इंटरसिटी एक्सप्रेस, बरेली एक्सप्रेस में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के सफर करने की उम्मीद है।
कार्तिक पूर्णिमा पर प्रयागराज और बनारस में गंगा स्नान के लिए जिले के अलावा आसपास के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में सामान्य दिनों की अपेक्षा ट्रेनों में अधिक भीड़ रहने की संभावना है। इसके साथ ही रायबरेली से डलमऊ स्टेशन के बीच चलने वाली रायबरेली -रघुराज सिंह पैसेंजर, रायबरेली -ऊंचाहार-कानपुर पैसेंजर ट्रेनों में भी यात्रियों की संख्या बढ़ने का अनुमान है। डलमऊ गंगा घाट पर स्नान के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसके साथ गोकना व तीरकापुरवा जाने वाले रायबरेली से ऊंचाहार पैसेंजर ट्रेन से श्रद्धालु आ जा सकते हैं। ऊंचाहार आरपीएफ पोसट प्रभारी एसके सिंह यादव का कहना है कि गंगा घाटों पर जाने वाले सभी रेलवे गेटों पर आरपीएफ टीम तैनात की जाएगी।
रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही, प्लेटफार्म और ट्रेनों में भीड़ को देखते हुए संबंधित विभागों को चौकन्ना रहने की जरूरत है। जीआरपी थानाध्यक्ष सचिन कुमार और आरपीएफ पोस्ट प्रभारी रायबरेली एके सिंह का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जाएगी, ताकि भीड़ के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए। यातायात निरीक्षक राजेश कुमार का कहना है कि बनारस व प्रयागराज रेलमार्ग के साथ डलमऊ गंगा घाटों को आने जाने वाले श्रद्धालुओं का आवागमन होगा। इसको लेकर विभागीय तैयारी की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।