रायबरेली में खाद्य विभाग ने 179 किलो जीरा और 656 किलो मटर दाल किया सीज, 173 किलो खोया-पनीर भी नष्ट
खाद्य सुरक्षा विभाग ने दीपावली से पहले रायबरेली में मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान 179 किलो जीरा, 656 किलो मटर दाल जब्त की गई।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
रायबरेली में खाद्य सुरक्षा विभाग का मिलावटखोरी पर अभियान।
179 किलो जीरा, 656 किलो मटर दाल जब्त की गई।
149 किलो खोया, 24 किलो पनीर अस्वच्छता के कारण नष्ट।
जागरण संवाददाता, रायबरेली। दीपावली के त्योहार के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग का अभियान जारी है। शनिवार को विभाग की दो टीमों ने ऊंचाहार और अघौरा में खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान 179 किलो जीरा और 656 किलो मटर दाल सीज की गई। वहीं, अस्वच्छ परिस्थितियों में रखे 149 किलो खोया और 24 किलो पनीर को नष्ट कराया गया। टीमों ने खाद्य पदार्थों के चार नमूने भी जांच के लिए संग्रहीत किए।
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय मानिक चंद्र सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय कुमार त्रिपाठी और उदय राज मौर्य की संयुक्त टीम ने ऊंचाहार के किशुनपुर स्थित चेतन किराना स्टोर का निरीक्षण किया।
खाद्य कारोबारकर्ता धर्मेश के प्रतिष्ठान पर जीरा और मटर दाल की गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने पर दोनों के एक-एक नमूने लिए गए। इसके साथ ही 179 किलो जीरा, जिसकी बाजार कीमत 44,750 रुपये है और 656 किलो मटर दाल, जिसकी कीमत 39,360 रुपये है, सीज कर दी गई। सीज की गई खाद्य सामग्री कारोबारी की सुरक्षित अभिरक्षा में सौंप दी गई।
उधर, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अंजनी कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी कंचनलता तिवारी और सुमांशु सचान की टीम ने ग्राम अघौरा स्थित धीरेन्द्र स्वीट्स और बबलू स्वीट्स का औचक निरीक्षण किया। यहां डीप फ्रीजर में करीब 150 किलो खोया और 25 किलो पनीर अत्यंत अस्वच्छ परिस्थितियों में रखा मिला।
टीम ने खोया और पनीर के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे। इसके बाद शेष 149 किलो खोया, जिसकी कीमत 44,700 रुपये और 24 किलो पनीर, जिसकी कीमत 8,400 रुपये है, नष्ट करा दिया गया।
यह भी पढ़ें- अयोध्या दीपोत्सव के चलते टली अवध यूनिवर्सिटी की परीक्षाएं, अब 16 नवंबर से शुरू होंगे एग्जाम