रायबरेली वालों की हुई मौज, लगेंगे चार्जिंग स्टेशन; लखनऊ पर 50 और कानपुर रूट पर 15 लेक्ट्रिक बसें भरेंगी फर्राटा
रायबरेली में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की उम्मीदें बढ़ गई हैं क्योंकि चार्जिंग स्टेशनों को मंजूरी मिल गई है। इससे ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
चार्जिंग स्टेशनों को मंजूरी मिलने से संचालन की उम्मीद बढ़ी।
लखनऊ के लिए 50 और कानपुर के लिए 15 बसें प्रस्तावित।
आधुनिक परिवहन सुविधा मिलेगी, प्रदूषण भी कम होगा।
जागरण संवाददाता, रायबरेली। जिले में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की उम्मीद अब बढ़ गई है। रायबरेली डिपो के साथ चार अन्य बस स्टेशन पर इलेक्ट्रिक बसों के लिए चार्जिंग स्टेशन को मंजूरी मिलने के बाद परिवहन निगम की ओर से प्रस्तावित बसों के संचालन का रास्ता साफ होने की संभावना है। चार्जिंग सुविधा उपलब्ध होने के बाद रायबरेली से कानपुर और लखनऊ के बीच इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया जा सकता है।
बता दें कि रायबरेली से कानपुर के बीच करीब 15 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन प्रस्तावित है। वहीं लखनऊ से रायबरेली के लिए करीब 50 इलेक्ट्रिक बसें चलाने की योजना बनाई गई है। इन बसों के संचालन के लिए सबसे बड़ी जरूरत चार्जिंग स्टेशन की थी। अब शासन स्तर से चार्जिंग स्टेशन को मंजूरी मिलने के बाद योजना के आगे बढ़ने की उम्मीद जगी है।
डिपो स्तर पर भी तैयारियां बढ़ने की उम्मीद
वर्तमान में रायबरेली डिपो से विभिन्न मार्गों पर डीजल बसों का संचालन किया जा रहा है। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से यात्रियों को आधुनिक और आरामदायक परिवहन सुविधा मिलने के साथ प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी। लंबी दूरी के मार्गों पर इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की संभावनाओं को देखते हुए डिपो स्तर पर भी तैयारियां बढ़ने की उम्मीद है।
क्षेत्रीय प्रबंधक विमल राजन का कहना है कि परिवहन निगम डिपो में 170 डीजल बसें संचालित हैं। अब डिपो समेत तीन बस स्टेशनों पर 480-480 किलोवाट क्षमता के इलेक्ट्रिक चार्जिंग प्वाइंट बनाए जाएंगे। प्रति बस स्टेशन में 240-240 किलोवाट क्षमता के दो-दो चार्जिंग प्वाइंट बनेंगे।
यह भी पढ़ें- अमेठी के यात्रियों को मिलेगा बड़ा तोहफा, अब अयोध्या-वाराणसी समेत चार शहरों के लिए दौड़ेंगी इलेक्ट्रिक बसें
जिन प्वाइंटों में पांच-पांच बसें एक साथ दोनों प्वाइंटों से चार्ज की जा सकेंगी। एक बस को चार्ज करने में तकरीबन 30 मिनट लगेंगे। इसी क्रम में चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि रायबरेली डिपो के साथ ही लालगंज, बछरावां, शिवगढ़ व सलोन बस स्टेशन में चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे।
